''मोहम्मद शरीफ को मैंने मारा...अब दूसरों की बारी''... रामपुर हत्या कांड को लेकर सनसनीखेज कबूलनामा, पुलिस महकमे में हड़कंप

Amanat Ansari 11 Nov 2026 07:15 PM 1 Mins
''मोहम्मद शरीफ को मैंने मारा...अब दूसरों की बारी''... रामपुर हत्या कांड को लेकर सनसनीखेज कबूलनामा, पुलिस महकमे में हड़कंप

सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुआ था फिदायीन हमला

सात CRPF जवानों के बलिदान का बताया है बदला

रामपुर: रामपुर में सीआरपीएफ कैंप आतंकी हमले के बरी आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है. राहुल सिंह नाम के युवक ने एक्स पर पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली और इसे सात सीआरपीएफ जवानों के बलिदान का बदला बताया. उसने आतंकी हमले में शामिल दूसरे आरोपितों की भी बारी आने की बात लिखी. पुलिस पोस्ट की जांच कर रही है. सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर 2007 के आतंकी हमले के मुकदमे में आरोपित मोहम्मद शरीफ की मंगलवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने हत्या कर दी थी.

घटना शाम साढ़े छह बजे खजुरिया थाने से करीब एक किलोमीटर दूर हुई. मृतक खजुरिया थाना क्षेत्र के बदनपुरी गांव का रहने वाला था. उसे साल 2007 में सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले में गिरफ्तार किया गया था. उसे और उसके पांच साथियों को सजा हुई थी. करीब एक साल पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था. तब से वह अपने गांव में परिवार के साथ रह रहा था. घटना के समय वह अपने बेटे वाहिद के साथ थाने में हाजिरी लगाकर घर जा रहा था. पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है.

बुधवार को राहुल सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट की, जिसमें ''जय श्री राम, जय महाकाल, जोहार झारखंड'' लिखा है. इसके बाद उसने लिखा कि सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले के आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या की जिम्मेदारी वह लेता है. पोस्ट में कहा गया कि कोर्ट से युवा भाइयों को इंसाफ नहीं मिला, लेकिन आज इंसाफ कर दिया गया. आतंकी हमले में और भी जो लोग शामिल थे, वे भी अपनी तैयारी कर लें, जल्दी उनका भी नंबर आने वाला है. पोस्ट के अंत में राहुल सिंह आजाद सरकार लिखा है. एएसपी अनुराग सिंह का कहना है कि इस तरह की एक पोस्ट शेयर किए जाने की सूचना मिली है.

इसे कहां से किसने पोस्ट किया, इसकी जांच कराई जा रही है. 31 दिसंबर 2007 की रात रामपुर के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर फिदायीन हमला हुआ था, जिसमें सात सीआरपीएफ जवान और एक नागरिक की मौत हुई थी. निचली अदालत ने शरीफ समेत कुछ आरोपितों को मौत की सजा सुनाई थी, जिसे हाईकोर्ट ने अक्टूबर 2025 में रद्द कर दिया था. राज्य सरकार ने फैसले को चुनौती दी है.

Recent News