गाजियाबाद : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को एक बार फिर जेल भेज दिया गया है. सोमवार को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार दिन की कस्टडी रिमांड समाप्त होने के बाद उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया. अदालत के फैसले के बाद अब आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल में रखा जाएगा.
दरअसल, रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय और जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी आजम खान से पूछताछ कर रही थी. चार दिन की हिरासत के दौरान जांच एजेंसी ने उनसे करीब 80 सवाल पूछे. एजेंसी को उम्मीद थी कि पूछताछ में वित्तीय लेनदेन और कथित अनियमितताओं से जुड़े अहम तथ्य सामने आएंगे. हालांकि, पूछताछ के दौरान कोई महत्वपूर्ण बयान दर्ज नहीं हो सका.
रिमांड की अवधि पूरी होने पर ईडी की टीम सोमवार को आजम खान को लेकर गाजियाबाद की पीएमएलए अदालत पहुंची. एजेंसी की ओर से आगे की हिरासत की मांग की गई, लेकिन अदालत ने इसे मंजूरी नहीं दी, इसके बाद उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया.
ईडी की जांच में जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण, सरकारी धन के कथित इस्तेमाल, ठेकेदारों से प्राप्त धन और जमीनों के अधिग्रहण से जुड़े मामलों की पड़ताल की जा रही है. एजेंसी ने इस प्रकरण में करीब 426.46 करोड़ रुपये की संपत्तियों को कथित अपराध से अर्जित संपत्ति बताते हुए कार्रवाई की है.
वहीं, आजम खान की गिरफ्तारी और ईडी की कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार सवाल उठाती रही है. पार्टी इसे राजनीतिक प्रतिशोध से जोड़कर देख रही है. अब सभी की निगाहें आजम खान की जमानत याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं.