गोंडा : सोशल मीडिया पर इन दिनों डॉक्टर अनीता मिश्रा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में उनका अंदाज, बातचीत और अवधी भाषा बोलने का तरीका लोगों का ध्यान खींच रहा है. इसके बाद इंटरनेट पर लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर वायरल हो रहीं डॉ. अनीता मिश्रा कौन हैं और गोंडा से उनका क्या कनेक्शन है.
डॉ. अनीता मिश्रा मूल रूप से कर्नाटक से बताई जाती हैं. शादी के बाद उनका गोंडा से रिश्ता जुड़ा. उनकी शादी गोंडा के डॉक्टर पुण्योदय मिश्रा से हुई है. इसी वजह से वह गोंडा में रहकर चिकित्सा सेवा दे रही हैं. जानकारी के अनुसार, उनकी किसी सरकारी विभाग में पोस्टिंग नहीं है और वह सरकारी नौकरी में नहीं हैं. वह निजी तौर पर चिकित्सा प्रैक्टिस करती हैं और गोंडा मेडिकल सेंटर से जुड़ी हैं.
अनीता मिश्रा सिर्फ डॉक्टर के तौर पर ही नहीं, बल्कि अपनी दूसरी प्रतिभाओं के लिए भी चर्चा में रही हैं. साल 2021 में उन्होंने मिसेज इंडिया- 2021 का खिताब जीता था. उदयपुर में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में देशभर की 24 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें अनीता मिश्रा विजेता बनी थीं.
डॉक्टरी के साथ उन्हें डांस और गाने का भी शौक है. कोरोना काल में पीपीई किट पहनकर डांस करते हुए उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. उनके पति डॉक्टर पुण्योदय मिश्रा ने उस समय उन्हें बहुमुखी प्रतिभा वाली महिला बताया था.
अब एक बार फिर अवधी बोलने वाले वायरल वीडियो ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है. खास बात यह है कि कर्नाटक से ताल्लुक रखने वाली डॉक्टर अनीता मिश्रा अब गोंडा की पहचान से जुड़ी नजर आती हैं और स्थानीय लोगों के बीच भी उनकी अच्छी पहचान है.