बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक युवक ने अपना असली नाम और धर्म छिपाकर हिंदू युवती से सात साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहा. दोनों के तीन बच्चे भी हुए. जब युवती को उसकी असलियत का पता चला और उसने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने मारपीट कर तीनों बच्चों को अपने पास रखते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया.
देवरिया जिले के गौरी बाजार क्षेत्र के गांव चनियाव की 28 वर्षीय युवती साल 2019 में चंडीगढ़ में नौकरी कर रही थी. वहीं ऑटो चलाते युवक से उसकी मुलाकात हुई. युवक ने अपना नाम संदीप बताया. धीरे-धीरे दोनों करीब आए और बिना शादी के लिव-इन में रहने लगे. इस दौरान उनके तीन बच्चे पैदा हो गए. पहले बच्चे के टीकाकरण के लिए अस्पताल जाने पर युवक के आधार कार्ड से उसकी असली पहचान सामने आई.
पता चला कि उसका असली नाम सलमान, पिता जाहिद अहमद है और वह धामपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव हबीबवाला का रहने वाला है. सहारा न होने के कारण युवती मजबूरी में उसके साथ रहती रही. कुछ समय पहले सलमान उर्फ संदीप युवती को लेकर अपने गांव हबीबवाला आ गया.
करीब एक महीने तक वहां रहने के बाद जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे बुरी तरह पीटा. इसके बाद उसने तीनों बच्चों को अपने पास रखकर युवती को घर से निकाल दिया. पीड़िता ने धामपुर कोतवाली में तहरीर दी. पुलिस ने संदीप उर्फ सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
धामपुर कोतवाल धीरज सोलंकी ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी. पहचान और धर्म छिपाकर सात साल तक रिश्ता निभाने, तीन बच्चे पैदा करने और फिर युवती को बच्चों से अलग करके घर से निकाल देने का यह मामला चर्चा का विषय बन रहा है.