कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान किशोरी से छेड़छाड़, भाजपा नेता समेत 3 पर पॉक्सो एक्ट में केस

Amanat Ansari 28 Oct 2026 01:12 PM 1 Mins
कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान किशोरी से छेड़छाड़, भाजपा नेता समेत 3 पर पॉक्सो एक्ट में केस

कोरबा: रजगामार क्षेत्र में दशहरा उत्सव के दौरान एक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में भाजपा नेता अनिल चौरसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है. पुलिस के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले 20 अक्टूबर को रजगामार के रावण मैदान में दशहरा उत्सव चल रहा था.

वहां मौजूद एक नाबालिग लड़की ने भाजपा नेता अनिल चौरसिया, उनके भाई कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान के खिलाफ लिखित शिकायत की है. शिकायत में कहा गया है कि अनिल और कौशल ने उससे अश्लील टिप्पणियां कीं. घटना की जानकारी नाबालिग ने अपने चचेरे भाई को दी. दोनों आरोपियों से बात करने पहुंचे तो वहां दिनेश चौहान भी मौजूद था. तीनों ने गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी.

बीच-बचाव के दौरान नाबालिग के साथ अश्लील हरकत करने और उसका दुपट्टा खींचने का आरोप लगाया गया है. मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के साथ छेड़छाड़, लज्जा भंग और मारपीट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है. मुख्य आरोपी अनिल चौरसिया रजगामार क्षेत्र के निवासी हैं और भाजपा विधि प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं. उन्हें पूर्व गृहमंत्री ननकीराम का करीबी माना जाता है, जिसकी वजह से क्षेत्र में उनका प्रभाव बताया जाता है.

पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना के बाद वे रिपोर्ट लिखाने के लिए रजगामार चौकी पहुंचे, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है.

Recent News