देवरिया में खौफनाक साजिश, नर्स ने कराई गर्भवती भाभी की हत्या, 3 लाख की दी सुपारी; गहने गिरवी रखकर जुटाए रुपए

Amanat Ansari 27 Oct 2026 07:30 PM 2 Mins
देवरिया में खौफनाक साजिश, नर्स ने कराई गर्भवती भाभी की हत्या, 3 लाख की दी सुपारी; गहने गिरवी रखकर जुटाए रुपए

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक गर्भवती महिला की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात स्टाफ नर्स पूर्णिमा विश्वकर्मा पर अपनी ही भाभी गुड़िया की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. बताया जा रहा है कि अपने प्रेम संबंध को उजागर होने से बचाने के लिए उसने कथित तौर पर तीन लाख रुपए में हत्या की सुपारी दी थी. रकम जुटाने के लिए गहने भी गिरवी रखे गए. पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और जांच कर रही है.

प्रेम संबंध उजागर होने का था डर

पुलिस के अनुसार, गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के चांदबाड़ी गांव की रहने वाली 28 वर्षीय गुड़िया करीब पांच महीने की गर्भवती थी. वह अपने पति चमनलाल और परिवार से जुड़े विवादों के बीच कुछ समय से अपनी ननद पूर्णिमा के सरकारी आवास में रह रही थी. जांच में सामने आया कि पूर्णिमा का एक युवक से प्रेम संबंध था. आरोप है कि गुड़िया ने दोनों को कई बार साथ देख लिया था और इस संबंध की जानकारी परिवार को देने की बात कही थी. पुलिस को आशंका है कि इसी बात से परेशान होकर पूर्णिमा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर भाभी की हत्या की साजिश रची.

तीन लाख रुपए में हत्या की सुपारी

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गुड़िया की हत्या के लिए कथित तौर पर तीन लाख रुपए में सौदा तय किया गया था. सुपारी किलर की व्यवस्था करने में पूर्णिमा के एक करीबी की भूमिका भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि हत्या के लिए रकम कम पड़ने पर गहने गिरवी रखकर रुपए जुटाए गए.

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की योजना किसने तैयार की, सुपारी किलर तक रकम कैसे पहुंचाई गई और इस साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका थी. घटना शनिवार रात रुद्रपुर सीएचसी परिसर स्थित सरकारी आवास की है. यहां गुड़िया का शव मिलने से हड़कंप मच गया था. उसके गले और सिर पर चोट के निशान पाए गए थे. शुरुआती जांच में गला दबाकर और सिर पर वार करके हत्या किए जाने की आशंका सामने आई.

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआत में मृतका की मां लालती देवी की शिकायत पर उसके पति, सास, ननद और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना से संबंधित मामला दर्ज किया गया था.

पूछताछ के बाद साजिश का खुलासा

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान नर्स पूर्णिमा और उसके परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या की कथित साजिश से जुड़े कई तथ्य सामने आए. इसके बाद पुलिस ने सुपारी किलरों की तलाश तेज कर दी.

फिलहाल पुलिस मामले की सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. हत्या में शामिल लोगों की भूमिका, कथित आर्थिक लेनदेन और साजिश में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है. मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.

Recent News