नई दिल्ली: इंदौर की 20 वर्षीय युवती ने उज्जैन में चलती कार में गैंगरेप और मारपीट का सनसनीखेज आरोप लगाया है. उसके अनुसार, इंस्टाग्राम पर दोस्त बने उज्जैन के चक्रेश जैन ने उसे मिलने बुलाया था. युवती ने खुद वीडियो जारी कर पूरी घटना का बयान भी दिया है. युवती का आरोप है कि वह सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे मेघदूत होटल के सामने चक्रेश की कार में बैठी.
उसने बताया कि चक्रेश ने उसे कॉफी जैसी चीज पिलाई, जिसके बाद सिर घूमने लगा. थोड़ी देर बाद उसका एक दोस्त भी कार में बैठ गया. इंदौर की तरफ बढ़ते समय चार-पांच अन्य लोग भी कार में सवार हो गए और उसके साथ ज्यादती की. युवती ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे मारा-पीटा और निजी अंग में प्लास्टिक की डंडी डालने की कोशिश की.
बाद में उसे इंदौर में अरबिंदो अस्पताल के पास छोड़ दिया गया. रात करीब 12 बजे युवती उज्जैन के नानाखेड़ा थाने पहुंची और लिखित शिकायत दी. सीएसपी श्वेता गुप्ता और टीआई नरेंद्र यादव ने उससे पूछताछ की.
पुलिस ने चक्रेश जैन और एक अन्य आरोपी के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया है. मेडिकल जांच में निजी अंग में कोई चोट नहीं पाई गई. सीएसपी ने बताया कि युवती परिवार से कुछ वर्षों से संपर्क में नहीं है और दोनों पहले भी मिल चुके थे. मामले में पुलिस जांच जारी है. सिंहस्थ की तैयारियों के बीच उज्जैन-इंदौर मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं.