तीन बच्चों के सामने पत्नी का गला घोंटा... LIC अधिकारी ने हत्या को आत्महत्या बताने की कोशिश की, बच्चे ने खोला राज

Amanat Ansari 27 Oct 2026 02:58 PM 1 Mins
तीन बच्चों के सामने पत्नी का गला घोंटा... LIC अधिकारी ने हत्या को आत्महत्या बताने की कोशिश की, बच्चे ने खोला राज

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. मलाक हरहर की मंदाकिनी कॉलोनी में रविवार रात घरेलू विवाद के दौरान LIC विकास अधिकारी रमेश चंद्र ने अपनी 42 वर्षीय पत्नी तारा देवी का गला दबाकर हत्या कर दी. यह घटना उनके तीन बच्चों के सामने हुई.

पुलिस के अनुसार, रमेश चंद्र मूल रूप से नवाबगंज थानाक्षेत्र के सराय जयराम गांव का रहने वाला है. रविवार रात करीब 10 बजे पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोप है कि गुस्से में उसने पत्नी की हत्या कर दी. तीनों बेटे 17 वर्षीय पीयूष, 11 वर्षीय आयुष और 4 वर्षीय आरुष इस घटना के गवाह बने.

हत्या के बाद वारदात को छिपाने के लिए शव को फांसी पर लटकाने की कोशिश की गई और पुलिस को आत्महत्या की सूचना दी गई. हालांकि, बच्चों और पड़ोसियों से पूछताछ में सच सामने आ गया. फाफामऊ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में रमेश चंद्र ने हत्या की बात कबूल कर ली.

मृतका के पिता श्याम बिहारी की तहरीर पर पति रमेश चंद्र, जेठ कमलेश कुमार, जेठानी, देवर राजेश कुमार, देवरानी और जेठ के बेटे सतीश समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि ससुराल वाले आए दिन तारा देवी के साथ मारपीट करते थे. फाफामऊ थाना प्रभारी छोटक सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Recent News