मथुरा: मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दूसरे धर्म के युवक से प्रेम विवाह करने पर नाराज परिजनों ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया. पति की शिकायत पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया. युवती के भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मां और मौसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
मामले के अनुसार, मथुरा के बद्रीनगर नई बस्ती की रहने वाली नाजिया उर्फ जन्नत दिल्ली में एक स्पोर्ट्स कपड़े बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती थीं. वहीं उनकी मुलाकात राजस्थान के झुंझनू जिले के गांव पचेरीकलां के रहने वाले रविंद्र से हुई. दोनों के बीच करीब दो साल तक प्रेम संबंध रहे. शादी की बात जब परिवारों से की गई तो रविंद्र के परिजन तैयार हो गए, लेकिन नाजिया के परिजनों ने रिश्ता मंजूर नहीं किया.
चार महीने पहले की शादी
परिजनों के विरोध के बाद नाजिया करीब चार महीने पहले घर छोड़कर चली गईं और रविंद्र से शादी कर ली. तीन महीने तक परिवार उन्हें रिश्ता तोड़ने के लिए कहते रहे, लेकिन वे नहीं मानीं. इसके बाद परिजनों ने रिश्ता कबूल करने का दिखावा किया. 25 सितंबर को मां और मौसी उन्हें बातों में लगाकर मथुरा ले आईं. कुछ दिन रहने के बाद जब नाजिया वापस जाने की बात करने लगीं तो परिजन विरोध करने लगे.
पति की शिकायत से खुला राज
नाजिया के जाने के 15 दिन बाद तक उनसे संपर्क न होने पर रविंद्र ने परिवार वालों को फोन किया, लेकिन वे टालमटोल करने लगे और फिर फोन उठाना बंद कर दिया. रविंद्र ने झुंझनू में पत्नी के अपहरण की जीरो FIR दर्ज कराई. राजस्थान पुलिस ने मामला मथुरा पुलिस को भेज दिया. 23 अक्टूबर को थाना गोविंद नगर पुलिस के पास FIR पहुंची. शक के आधार पर भाई अकरम को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में पहले उसने मौत करंट लगने से होना बताया, लेकिन कड़ी पूछताछ पर कबूल किया कि उसने नाजिया का गला दबाकर हत्या की और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया.
रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के आदेश पर कब्रिस्तान से शव निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. भाई अकरम को गिरफ्तार कर लिया गया है. एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है.