CJI सूर्यकांत भड़के: राहुल गांधी के आय से अधिक संपत्ति मामले पर वकील से पूछा- न्यूज चैनल वालों से बात की?

Amanat Ansari 27 Oct 2026 01:43 PM 1 Mins
CJI सूर्यकांत भड़के: राहुल गांधी के आय से अधिक संपत्ति मामले पर वकील से पूछा- न्यूज चैनल वालों से बात की?

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले का जिक्र होते ही मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत नाराज हो गए. उन्होंने याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील को फटकार लगाते हुए पूछा कि क्या उन्होंने इस मामले को लेकर किसी न्यूज चैनल से बात की है.

लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, जब वकील ने मामले को लिस्ट करने की मांग की तो CJI ने कहा कि इसमें न तो कोई स्पष्ट आधार (head) नजर आ रहा है और न ही कोई स्पष्ट निष्कर्ष (tail). CJI ने टिप्पणी की, “कोई न्यूज चैनल वालों से बात की है क्या इसके लिए?” वकील ने दलील दी थी कि राहुल गांधी ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कथित तौर पर कहा था कि वह ED और CBI के करीब 200 अधिकारियों के संपर्क में हैं.

इसके साथ ही CJI ने मौखिक निर्देश दिया कि आगे से मामलों के उल्लेख (mentioning) की लाइव स्ट्रीमिंग बंद कर दी जाए. सुप्रीम कोर्ट में मेंशनिंग के दौरान वकील जल्द सुनवाई के लिए मामले लिस्ट करने की मांग रखते हैं.

यह मामला कर्नाटक के बीजेपी कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की याचिका से जुड़ा है, जिसमें राहुल गांधी और उनके परिवार के कुछ सदस्यों पर ज्ञात आय से अधिक संपत्ति होने का आरोप लगाया गया था. इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने मई और जुलाई 2026 में CBI और ED को आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया था.

राहुल गांधी ने हाई कोर्ट के आदेशों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. 17 अगस्त 2026 को CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने इलाहाबाद हाई कोर्ट को मामले की आगे की सुनवाई स्थगित करने का निर्देश दिया था. साथ ही CBI, ED या अन्य एजेंसियों को हाई कोर्ट के समक्ष कोई रिपोर्ट दाखिल न करने को कहा गया था, जब तक सुप्रीम कोर्ट आगे के आदेश न दे. अदालत ने प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन करने पर भी जोर दिया था.

Recent News