यूपी बीजेपी की जंबो कार्यसमिति: 548 सदस्यों की लिस्ट जारी, मोदी-योगी-राजनाथ समेत 30 स्थायी सदस्य

Amanat Ansari 26 Oct 2026 08:24 PM 1 Mins
यूपी बीजेपी की जंबो कार्यसमिति: 548 सदस्यों की लिस्ट जारी, मोदी-योगी-राजनाथ समेत 30 स्थायी सदस्य

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी भारी-भरकम प्रदेश कार्यसमिति का गठन कर दिया है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में 548 कार्यसमिति सदस्य और 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य शामिल हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी समेत अन्य बड़े चेहरे स्थायी सदस्य बनाए गए हैं. साथ ही 134 विशेष आमंत्रित सदस्य भी बनाए गए हैं.

यह प्रदेश कार्यसमिति यूपी में तीसरी बार जीत का संकल्प लेगी. संकल्प केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में लिया जाएगा. अमित शाह 30-31 अक्टूबर के दो दिनी दौरे पर लखनऊ आएंगे और डा. राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे. करीब 30 हजार वरिष्ठ पार्टी नेताओं की मौजूदगी में मिशन-2027 का रोडमैप तैयार होगा. शाह यूपी का चुनावी मोर्चा संभालेंगे और तैयारियों को धार देंगे.

स्थायी आमंत्रित सदस्यों में कौन-कौन?

स्थायी सदस्यों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, तारिक मंसूर, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी समेत कई बड़े नाम शामिल हैं. विनय कटियार, सूर्य प्रताप शाही, महेंद्रनाथ पांडेय, हरदीप सिंह पुरी, जितिन प्रसाद और मुख्तार अब्बास नकवी भी सूची में हैं.

उमा भारती और वरुण गांधी को जगह नहीं

पिछली बार स्थायी सदस्य रही पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती को इस बार जगह नहीं मिली. वरुण गांधी का नाम भी इस सूची में नहीं है. पार्टी ने सभी सांसदों, कैबिनेट और राज्य मंत्रियों को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है. मार्च 2021 में 323 कार्यसमिति सदस्य थे, जबकि इस बार संख्या 548 तक पहुंच गई है. सूची में मिशन-2027 और सामाजिक समीकरण साधने का फोकस साफ नजर आता है.

इस लिस्ट के जारी होने के साथ यूपी में भाजपा का चुनाव अभियान और तेज हो जाएगा. अमित शाह के दौरे के दौरान संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है.

Recent News