अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को 25 नवंबर तक 1 मॉल रोड का सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस

Amanat Ansari 26 Oct 2026 06:47 PM 1 Mins
अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को 25 नवंबर तक 1 मॉल रोड का सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस

पटना: मोकामा विधायक अनंत सिंह को एक और बड़ा झटका लगा है. जदयू से निष्कासन और विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश के बाद अब उनकी पत्नी नीलम देवी के नाम से आवंटित पटना के 1 मॉल रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस जारी कर दिया गया है. भवन निर्माण विभाग ने नीलम देवी को 25 नवंबर तक का समय दिया है.

इस बंगले में अनंत सिंह लंबे समय से रह रहे हैं. 2005 से 2020 तक वे मोकामा विधायक के रूप में यहां रहे थे और यहां अपने घोड़ों के लिए अस्तबल तथा गोशाला भी बनवा ली थी. अनंत सिंह के जेल जाने के बाद नीलम देवी विधायक बनीं तो बंगला उनके नाम कर दिया गया. हाल ही में नीलम देवी को बीस सूत्री

कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति से हटाए जाने के बाद उनका उपमंत्री दर्जा भी समाप्त हो गया था. जदयू की सिफारिश पर सरकार ने यह कार्रवाई की. विधान परिषद चुनाव में जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ अभियान चलाने के कारण अनंत सिंह पर एक के बाद एक कार्रवाई हो रही है. पार्टी ने दोनों को छह साल के लिए निष्कासित किया और अनंत सिंह की विधायकी रद्द करने के लिए स्पीकर को पत्र दिया.

नए फरमान के बाद अनंत सिंह की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं, क्योंकि वे पहले से आवंटित विधायक फ्लैट पर नहीं गए थे और इसी बंगले में रह रहे थे. राजनीतिक गलियारों में इसे अनंत सिंह के लिए तीसरा बड़ा झटका माना जा रहा है. अब देखना होगा कि परिवार 25 नवंबर तक बंगला खाली करता है या आगे कोई कानूनी कदम उठाता है.

Recent News