जोधपुर: राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 में एक दिलचस्प नतीजा सामने आया है. जोधपुर जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर ओमप्रकाश बिश्नोई (ओमप्रकाश ज्योतिष) ने सरपंच बनने की कोशिश की, लेकिन जमीनी हकीकत ने उनका सपना चकनाचूर कर दिया. सोशल मीडिया पर करीब 20 लाख फॉलोअर्स होने के बावजूद उन्हें महज 33 वोट मिले.
ओमप्रकाश ने जोधपुर की ओसियां तहसील की इंदों की ढाणी द्वितीय ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ा था. इस पंचायत में करीब 1600 मतदाता हैं. चुनाव परिणाम में उन्हें सिर्फ 33 वोट मिलने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. लोग हैरान हैं कि डिजिटल दुनिया में लाखों लोगों के बीच फेमस व्यक्ति अपने ही गांव की चुनावी लड़ाई में इतनी बुरी तरह हार गया.
डिजिटल फेम बनाम जमीनी समर्थन
ओमप्रकाश सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं. उनके इंस्टाग्राम पर 14 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स, फेसबुक पर 2 लाख 32 हजार से अधिक और यूट्यूब चैनल पर करीब साढ़े पांच लाख सब्सक्राइबर्स बताए गए हैं. तीनों प्लेटफॉर्म को मिलाकर कुल ऑनलाइन फॉलोइंग 20 लाख से ऊपर है.
उन्होंने नशामुक्ति जैसे मुद्दों पर प्रचार किया था, लेकिन गांव के मतदाताओं का समर्थन नहीं जुटा पाए. यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता हमेशा जमीनी वोटों में तब्दील नहीं होती. डिजिटल दुनिया में लाखों लोगों को प्रभावित करने वाला व्यक्ति अपने गांव में सीमित समर्थन ही हासिल कर सका. राजस्थान पंचायत चुनाव के पहले चरण के नतीजों में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है.