कानपुर/बिठूर: उत्तर प्रदेश में सोमवार को धूमधाम से महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाई जा रही है. स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिठूर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और 411 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन किया.
इस मौके पर सीएम योगी ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव से पूछना चाहता हूं कि बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना प्यार क्यों है? विपक्ष बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों का समर्थन करता है और यूपी के नागरिकों को ही घुसपैठी बताकर अपमानित करता है.”
योगी ने आगे कहा कि सपा सरकार में कानून-व्यवस्था चरमराई हुई थी, जबकि वर्तमान सरकार में सबको बिना भेदभाव सुविधाएं मिल रही हैं. उन्होंने कांग्रेस को “दिवालिया” करार दिया और कहा कि अब सपा को सबक सिखाने का समय आ गया है.
अन्य नेताओं की शुभकामनाएं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी वाल्मीकि जयंती की बधाई देते हुए कहा कि सपा सरकार में भी इस दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा. बसपा प्रमुख मायावती और अन्य नेताओं ने भी शुभकामनाएं दीं.
योगी ने आश्रम के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले यह जर्जर था, अब भव्य हो गया है. उन्होंने दिवाली पर उज्ज्वला योजना के तहत फ्री सिलेंडर देने का भी ऐलान किया.