50 सेकेंड में उड़ा दी 50 लाख की फॉर्च्यूनर! लंगड़ा चोर भाजपा नेता की गाड़ी लेकर फरार

Amanat Ansari 26 Oct 2026 04:01 PM 1 Mins
50 सेकेंड में उड़ा दी 50 लाख की फॉर्च्यूनर! लंगड़ा चोर भाजपा नेता की गाड़ी लेकर फरार

प्रयागराज: प्रयागराज के कैंट थाना क्षेत्र में भाजपा नेता की करीब 50 लाख रुपये की टोयोटा फॉर्च्यूनर महज 50 सेकंड में चोरी हो गई. चोर पैर से लंगड़ा था, फिर भी उसने बड़ी आसानी से गाड़ी स्टार्ट कर ली और निकल गया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और कारोबारी पीयूष जायसवाल ने बताया कि 22 अक्टूबर की रात उन्होंने अपनी फॉर्च्यूनर राजापुर स्थित एक होटल के पास खड़ी की थी. 23 अक्टूबर सुबह करीब 11 बजे जब वे गाड़ी लेने पहुंचे तो वह गायब थी.

पास लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक व्यक्ति सिर पर सफेद गमछा बांधे, सफेद शर्ट पहने और हाथ में काला झोला लिए लंगड़ाते हुए गाड़ी के पास पहुंचा. उसने कुछ सेकंड में दरवाजा खोला, अंदर बैठा और गाड़ी स्टार्ट कर आराम से ले गया.

ड्राइवर पर शक

पीयूष जायसवाल ने पुलिस को बताया कि उन्हें हाल ही में रखे गए ड्राइवर माया शंकर पर संदेह है. उसने कुछ दिन गाड़ी चलाई और बिना बताए मुंबई चला गया. संभव है उसने दूसरी चाबी बनवा ली हो. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है. जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है.

Recent News