शिमला: हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को शिमला जिले के नेरवा में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार की विदाई नजदीक है और भाजपा जल्द सत्ता में वापस लौटेगी.
कार्यक्रम में जयराम ठाकुर ने कहा कि चार साल बीत जाने के बावजूद सरकार अपनी चार प्रमुख योजनाओं के नाम भी नहीं बता पा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने भाजपा शासनकाल की जनकल्याणकारी योजनाएं जैसे हिमकेयर, सहारा, स्वावलंबन और जनमंच बंद कर दी हैं.
उन्होंने कांग्रेस के चुनावी वादों को खोखला बताते हुए कहा कि महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये और युवाओं को पांच साल में पांच लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन सत्ता में आते ही नौकरियों पर ताला लगा दिया गया. 24 लाख महिलाएं अब भी लाभ की प्रतीक्षा कर रही हैं. 300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी के बावजूद लोगों को 125 यूनिट पर भारी बिल आ रहे हैं. दूध और गोबर खरीदने के वादे भी अधूरे रह गए.
जयराम ठाकुर ने नशे और अपराध पर चिंता जताते हुए सरकार पर चिट्टा माफिया के बजाय समोसे की सीआईडी जांच को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि चौपाल क्षेत्र के 84 में से 74 प्रधान भाजपा विचारधारा के हैं. उन्होंने सैंज-देहा-नेरवा-चौपाल सड़क सुधार का भी वादा किया.
इस मौके पर शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप, चौपाल विधायक बलबीर सिंह वर्मा और पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट भी मौजूद रहे. जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 115वां संस्करण भी सुना.