खरगे के विवादित बयान पर बोले इमरान मसूद, 'बिल्कुल जायज है… इसी भाषा में जवाब मिलेगा'

Amanat Ansari 26 Oct 2026 07:44 PM 1 Mins
खरगे के विवादित बयान पर बोले इमरान मसूद, 'बिल्कुल जायज है… इसी भाषा में जवाब मिलेगा'

सहारनपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने जायज बताया है. उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को अब उसी भाषा में जवाब मिलेगा, जिस भाषा में वे विपक्षी नेताओं पर टिप्पणी करते हैं.

रविवार को पटना के बापू सभागार में एक कार्यक्रम के दौरान खरगे भाषण दे रहे थे. तभी दर्शकों में से एक व्यक्ति ने कहा कि मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खरगे ने मंच से जवाब दिया, ''मोदी के बाप को भी जाना पड़ेगा.'' इस बयान पर भाजपा हमलावर है और विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. 

इमरान मसूद ने क्या कहा?

इमरान मसूद ने खरगे के बयान को सही ठहराते हुए कहा कि बिल्कुल जायज है. इनको इसी भाषा में जवाब देना चाहिए. ये लोग जब चाहे राहुल गांधी को गाली देंगे, जब चाहे इंदिरा जी और सोनिया जी के बारे में भला-बुरा बोलेंगे. क्या बोला था नरेंद्र मोदी ने सोनिया जी के बारे में? क्या बोल रहे थे राहुल गांधी के बारे में अमित शाह जी? ये लोग जब जो चाहें बोलें, इनको सब चीज की छूट है. इन्होंने गलतफहमी पाल ली है कि इनको जवाब नहीं मिलेगा, अब इनको इसी भाषा में जवाब मिलेगा.

इमरान मसूद ने आगे कहा कि 1 तारीख को रैली और मूक पार्लियामेंट होगी. उन्होंने कहा कि अगर हिरासत में लेना है तो ले लो. उन्होंने आजादी के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जब लोग जेल गए, गोली खाई और फांसी के फंदे चूमे, तो सत्ता में बैठे लोगों के पुरखों का कोई ऐसा रिकॉर्ड नहीं मिलेगा.

उन्होंने कहा कि माफीनामे जरूर मिलेंगे. खरगे के बयान के बाद लखनऊ सहित कई जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान खरगे की तस्वीर पर चप्पलें बरसाई गईं और नारेबाजी की गई. राजनीतिक पारा और तेज हो गया है.

Recent News