गोरखपुर: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना से ठीक एक दिन पहले निर्वाचन आयोग ने बड़ा फैसला लिया है. आयोग ने पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) अभय सिंह को हटा दिया है. यह कार्रवाई भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह की शिकायत के बाद हुई है. उनकी जगह 2009 बैच के आईएएस अधिकारी प्रकाश बिन्दु को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने 23 अक्टूबर को मतदान के दिन ही चुनाव आयोग को ईमेल भेजकर अभय सिंह की तैनाती पर सवाल उठाए थे. उन्होंने 2019 के अवैध खनन मामले में अभय सिंह के खिलाफ सीबीआई की ओर से दर्ज मुकदमे का हवाला देते हुए उन्हें प्रेक्षक पद से हटाने की मांग की थी. शिकायत में अधिकारी के आवास पर छापेमारी के दौरान कथित नकदी बरामद होने का भी जिक्र किया गया था. देवेंद्र प्रताप सिंह ने तर्क दिया था कि ऐसे आरोपों वाले अधिकारी की मौजूदगी में निष्पक्ष मतगणना पर सवाल उठ सकते हैं.
निर्वाचन आयोग ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अभय सिंह को हटा दिया और प्रकाश बिन्दु को तत्काल निर्वाचन क्षेत्र में पहुंचकर कार्यभार संभालने का निर्देश दिया. देवेंद्र प्रताप सिंह ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि प्रेक्षक को बदलना जरूरी था और उनकी जगह स्वच्छ छवि वाले अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है.
गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को हुई मतदान में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर सबसे अधिक 79.32 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था. सभी 11 एमएलसी सीटों पर कुल 54.58 प्रतिशत वोटिंग हुई. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. मतगणना से ठीक पहले ऑब्जर्वर बदले जाने का यह फैसला चुनावी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है.