दुबई: दुबई में लग्जरी नंबर प्लेटों की नीलामी एक बार फिर सुर्खियों में है. सड़क और परिवहन प्राधिकरण (RTA) की 121वीं ओपन नीलामी में एक नंबर प्लेट CC44 6.72 मिलियन दिरहम यानी करीब 17 करोड़ रुपए में बिकी. यह इस नीलामी की सबसे महंगी प्लेट रही.
खलीज टाइम्स और अन्य रिपोर्ट्स के अनुसार, हिल्टन दुबई अल हबतूर सिटी में आयोजित इस नीलामी में कुल 65.721 मिलियन दिरहम (लगभग 170 करोड़ रुपए) की बोली लगी. दो अंकों वाली नंबर प्लेटों की खास मांग रही. BB18 प्लेट 6.62 मिलियन दिरहम में बिकी, BB80 के लिए 5.9 मिलियन दिरहम की बोली लगी, जबकि BB117 1.016 मिलियन दिरहम में बेची गई.
नीलामी में दो, तीन, चार और पांच अंकों के कॉम्बिनेशन वाली 60 खास नंबर प्लेटें रखी गई थीं. इनमें AA, BB, CC, H, U, V, W, X, Y और Z कोड शामिल थे. इसमें हिस्सा लेने वालों को 25,000 दिरहम की सिक्योरिटी जमा करनी होती थी.
दुबई में हर साल ऐसी नीलामियां होती हैं, जहां लोग करोड़ों खर्च कर अपने पसंदीदा लग्जरी नंबर खरीदते हैं. 2025 में भी RTA ने 109 मिलियन दिरहम के नंबर बेचे थे. ये नंबर प्लेटें सिर्फ स्टेटस सिंबल नहीं, बल्कि कई लोगों के लिए कलेक्टर्स आइटम भी मानी जाती हैं.