थेनी: तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कम्पट्टी सब-जेल से 17 विचाराधीन कैदियों के फरार होने के मामले में जेल विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है. जेलों के पुलिस महानिदेशक (DGP) संदीप राय राठौर ने लापरवाही के आरोप में 9 जेलकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया. इनमें दो हेड कांस्टेबल, एक ग्रेड-I और छह ग्रेड-II जेल गार्ड शामिल हैं.
सोमवार देर रात करीब 10:30-11 बजे हुई इस घटना में कैदियों ने योजनाबद्ध तरीके से जेल तोड़ी. पुलिस के मुताबिक, एक ही सेल में बंद 17 कैदियों ने मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया. जब जेलकर्मी मदद के लिए सेल के अंदर पहुंचे, तो कैदियों ने उन पर हमला कर दिया और फरार हो गए. हमले में तीन जेलकर्मी घायल हुए. ग्रेड-II कांस्टेबल थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट आई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. दो अन्य को मामूली चोटें आईं.
कानून मंत्री निर्मल कुमार ने भी पुष्टि की कि कैदियों ने जानबूझकर बीमार होने का नाटक किया था, ताकि कर्मचारियों को सेल में बुलाया जा सके. घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया. मंगलवार सुबह तक चार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाकी 13 अभी फरार हैं.
डिंडीगुल, मदुरै और केरल के इडुक्की जिले को अलर्ट कर दिया गया है. डिंडीगुल में 16 चेक पोस्ट लगाए गए हैं और 17 विशेष टीमें बनाकर फरार कैदियों की तलाश जारी है. जेल विभाग और पुलिस अब सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही है. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि मेडिकल इमरजेंसी के दौरान सेल खोलने की प्रक्रिया में कहां चूक हुई.