हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. म्यांमार की 18 वर्षीय युवती ने अपने पति पर उसे किराये के मकान में बंधक बनाकर रखने और अपने तीन दोस्तों से बार-बार यौन शोषण कराने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह मामला 23 अक्टूबर को सामने आया, जब मकान मालिक किराया लेने पहुंचा और युवती को मकान में बंद पाया.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता म्यांमार की रहने वाली है और कुछ समय से बांग्लादेश के कॉक्स बाजार इलाके में रह रही थी. आरोप है कि इसी दौरान उसकी मुलाकात मोहम्मद फैयाज नामक युवक से हुई. युवक ने शादी का वादा कर उसे मई 2026 में हैदराबाद लाया. यहां आने के कुछ दिनों बाद दोनों ने शादी कर ली और किराये के मकान में रहने लगे. पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसके साथ दुर्व्यवहार शुरू हो गया.
पति पर दोस्तों से यौन शोषण कराने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के करीब एक महीने बाद उसके पति ने अपने तीन दोस्तों को मकान में बुलाना शुरू कर दिया. आरोप है कि पति उसे कमरे में बंद करके बाहर चला जाता था और अपने दोस्तों को अंदर भेज देता था. युवती ने तीनों पर कई बार यौन शोषण करने का आरोप लगाया है. पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों में से दो ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी. डर और असहाय स्थिति के कारण वह काफी समय तक शिकायत दर्ज नहीं करा सकी.
मकान मालिक ने खोला कमरे का दरवाजा
यह मामला 23 अक्टूबर को तब सामने आया, जब मकान मालिक बकाया किराया लेने पहुंचा. मकान बाहर से बंद था. संदेह होने पर उसने ताला तोड़ा और युवती को बाहर निकाला. इसके बाद पीड़िता ने दूसरे व्यक्ति के मोबाइल फोन से अपने परिजनों से संपर्क किया. परिजनों की मदद से युवती को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. 26 अक्टूबर को उसके एक रिश्तेदार ने उसे पुलिस के पास पहुंचाया, जहां उसने अपनी शिकायत दर्ज कराई.
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में दुष्कर्म, गलत तरीके से बंधक बनाने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पीड़िता के बयान, मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है.