ग्वालियर में रिश्ते शर्मसार! छत पर कपड़े लेने गई विवाहिता से जेठ ने किया दुष्कर्म, दो महीने बाद खुलासा

Amanat Ansari 27 Oct 2026 08:35 PM 1 Mins
ग्वालियर में रिश्ते शर्मसार! छत पर कपड़े लेने गई विवाहिता से जेठ ने किया दुष्कर्म, दो महीने बाद खुलासा

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक 23 वर्षीय विवाहिता ने अपने जेठ पर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी उसे मायके छोड़ आया और किसी को इसकी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी. डर और सामाजिक बदनामी के कारण महिला करीब दो महीने तक चुप रही. आखिरकार उसने अपनी मां और नानी के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मुरैना जिले के उत्तमपुरा की रहने वाली है. उसकी शादी 27 मई 2025 को हुई थी. महिला ने बताया कि 28 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे वह घर का काम पूरा करने के बाद छत पर सूख रहे कपड़े लेने गई थी. आरोप है कि कपड़े लेकर नीचे लौटते समय उसके जेठ कमल ने सीढ़ियों का गेट बंद कर दिया. इसके बाद उसने पीछे से महिला का मुंह दबाया और उसे छत पर बने कमरे में ले गया. पीड़िता का आरोप है कि वहां जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया.

जान से मारने की धमकी दी

पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने उसे धमकाया कि अगर उसने इस बारे में अपने मायके या परिवार के किसी सदस्य को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा. महिला का आरोप है कि 2 मार्च को आरोपी उसे मुरैना छोड़ने गया और रास्ते में भी चुप रहने की धमकी दी.

इस धमकी के चलते महिला ने शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं दी. वह इस उम्मीद में भी थी कि उसका पति उसे वापस लेने आएगा, लेकिन करीब दो महीने तक ऐसा नहीं हुआ. इस दौरान वह मानसिक रूप से परेशान रही.

मां के पूछने पर बताई आपबीती

महिला के मुताबिक, जब उसकी मां ने उससे परेशानी की वजह पूछी तो उसने कथित घटना के बारे में बताया. इसके बाद उसकी मां और नानी उसे लेकर ग्वालियर के थाटीपुर थाने पहुंचीं. वहां महिला ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कमल की तलाश की जा रही है.

Recent News