बेंगलुरु: कर्नाटक में विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों में सत्ताधारी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी पुटन्ना को बैलेट पेपर से हुए चुनाव में हरा दिया. रंगनाथ को 10,810 वोट मिले, जबकि पुटन्ना महज 9,902 वोट ही हासिल कर सके.
इस हार पर जेडीएस ने कांग्रेस पर जमकर तंज कसा है. पार्टी नेता निखिल कुमारस्वामी ने राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए लिखा कि राहुल गांधी सर, इस बार ईवीएम पर आरोप नहीं लगा पाएंगे. राज्य की मशीनरी आपके हाथ में है और चुनाव पेपर बैलेट से हुए थे. इसके बावजूद एनडीए के एपी रंगनाथ जीत गए. अब पढ़े-लिखे शिक्षकों ने आपकी सरकार की नाक के नीचे पेपर पर वोट दिया है, तो आज क्या बहाना देंगे? पेपर चोरी का?
उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के शशिल जी नमोशी ने जीत दर्ज की है. दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर भाजपा के केएम सुरेश कांग्रेस के शशि हुलिकुंते मठ से आगे चल रहे हैं. पश्चिम स्नातक क्षेत्र में भी भाजपा के एसवी संकनूर कांग्रेस के मोहन लिंबिकाई पर बढ़त बनाए हुए हैं. बेंगलुरु शिक्षक सीट पर 81.98 प्रतिशत मतदान हुआ था. कुल 27,405 मतदाताओं में से 22,468 ने वोट डाले, जिनमें 21,056 वैध और 1,857 अवैध रहे.
कांग्रेस के लिए डबल झटका
कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है और हाल ही में डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद संभाला है. पार्टी लंबे समय से ईवीएम पर सवाल उठाती रही है और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करती आ रही है. ऐसे में पेपर बैलेट पर भी हार कांग्रेस के लिए दोहरा झटका साबित हुई है. इससे पहले असम के सिलचर नगर निगम चुनाव में भी कांग्रेस बैलेट पेपर पर हार चुकी थी. फिलहाल दो सीटों के नतीजे बाकी हैं, लेकिन जेडीएस-भाजपा गठबंधन की बढ़त साफ दिख रही है.