बरेली में भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ जीत! हरि सिंह ढिल्लो ने सपा के दानिश अख्तर को 17,676 वोटों से रौंदा!

Amanat Ansari 28 Oct 2026 11:54 AM 1 Mins
बरेली में भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ जीत! हरि सिंह ढिल्लो ने सपा के दानिश अख्तर को 17,676 वोटों से रौंदा!

लखनऊ/बरेली: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने इतिहास रच दिया. उन्होंने समाजवादी पार्टी के हाजी दानिश अख्तर को रिकॉर्ड 17,676 मतों के भारी अंतर से हराकर दूसरी बार जीत दर्ज की. मतगणना के आंकड़ों के मुताबिक डॉ. ढिल्लो को कुल 21,672 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर महज 3,996 वोट ही हासिल कर सके.

मंगलवार को संजय कम्युनिटी हॉल बरेली में हुई मतगणना में पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी ने अजेय बढ़त बना ली थी, जो आखिरी तक बनी रही. जीत के बाद डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने कहा, ''यह मेरा नहीं, पूरे शिक्षक समुदाय का चुनाव था. यह उनकी ही जीत है. अब शिक्षकों के सम्मान में वृद्धि के लिए एजुकेशन एक्ट को लागू कराने के लिए काम करूंगा.''

उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों में उन्होंने बरेली और मुरादाबाद मंडल के हर जिले के शैक्षिक संस्थानों में जाकर शिक्षकों से मुलाकात की. उनका नारा ‘नाम है हरि सिंह ढिल्लो, जब चाहो आकर मिल लो’ शिक्षकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ. मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई. पहले राउंड में ही ढिल्लो 5,251 वोट लेकर आगे थे. दूसरे राउंड तक बढ़त 8,546 हो गई.

तीसरे राउंड के बाद 12,248 और चौथे राउंड में 15,785 वोटों की लीड के साथ उनकी जीत लगभग तय हो चुकी थी. पांचवें और अंतिम राउंड में फैसला पक्का हो गया. हार के बाद सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ''23 अक्टूबर लोकतंत्र का काला दिवस साबित हुआ. अमरोहा में वोट की लूट हुई. मंडी धनोरा में मैंने खुद फर्जी वोटिंग पकड़ी.''

इस चुनाव परिणाम से शिक्षक संघों की राजनीति को भी झटका लगा है. एक समय शिक्षक एमएलसी चुनाव में संघों के प्रत्याशी ही हावी रहते थे, लेकिन अब भाजपा और सपा के मैदान में आने से उनकी पकड़ कमजोर होती दिख रही है. बरेली की इस बड़ी जीत के साथ भाजपा ने शिक्षक सीट पर अपनी मजबूत पकड़ एक बार फिर साबित कर दी है.

Recent News