पूर्णिया: दिवाली और छठ पूजा के मौके पर ट्रेन का कंफर्म टिकट न मिल पाने से परेशान दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में काम करने वाले बिहारवासियों के लिए अच्छी खबर है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने 5 नवंबर से 25 नवंबर तक दिल्ली से किशनगंज के लिए नॉन-एसी बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है.
यह बस रोजाना चलेगी और पूर्णिया होते हुए किशनगंज पहुंचेगी. यात्री लगभग 30 घंटे में दिल्ली से किशनगंज पहुंच सकेंगे. एक यात्री का किराया मात्र 2000 रुपये तय किया गया है. इसका रूट किशनगंज, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, गोरखपुर, आगरा और दिल्ली दिल्ली है और वापसी में भी यही रूट है.
बीएसआरटीसी के रीजनल मैनेजर अजिताभ आनंद ने बताया कि त्योहारों के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण कई यात्री घर नहीं पहुंच पाते. सीमांचल और कोसी प्रमंडल के लोगों को राहत देने के लिए यह अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है.
ट्रेन का टिकट न मिलने पर अब लोग इस नॉन-एसी बस से आसानी से घर लौट सकेंगे. छठ पूजा बिहार का सबसे बड़ा लोकपर्व है. इस दौरान लाखों लोग दूसरे राज्यों से अपने गांव-घर लौटते हैं. ऐसे में यह बस सेवा यात्रियों के लिए वैकल्पिक और सस्ता विकल्प साबित होगी.