सूरत की तर्ज पर गुरुग्राम का आईएमटी सोहना बनेगा नया कपड़ा हब! हरियाणा सरकार ने शुरू की बड़ी तैयारी

Amanat Ansari 28 Oct 2026 11:47 PM 1 Mins
सूरत की तर्ज पर गुरुग्राम का आईएमटी सोहना बनेगा नया कपड़ा हब! हरियाणा सरकार ने शुरू की बड़ी तैयारी

गुरुग्राम: सूरत की तरह अब गुरुग्राम का आईएमटी सोहना भी कपड़ा उद्योग का बड़ा हब बनने जा रहा है. हरियाणा सरकार और एचएसआईआईडीसी के अधिकारी सूरत व अहमदाबाद के बड़े कपड़ा उद्यमियों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें सोहना में निवेश करने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं.

एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों ने सूरत का दौरा कर उद्यमियों से मुलाकात की है. उन्हें आईएमटी सोहना में भूमि आवंटन की प्रक्रिया और सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है. कपड़ा उद्योग और गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने के लिए सूरत के व्यापार संघों और प्रमुख संगठनों से भी संपर्क किया गया है. संपदा अधिकारी सुनील पालीवाल ने बताया कि 28 अक्टूबर को अहमदाबाद में कपड़ा उद्यमियों के साथ बैठक होगी, जिसमें नए उद्योग लगाने को लेकर एमओयू भी किए जा सकते हैं. इससे करोड़ों रुपये का निवेश आने और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

आईएमटी सोहना मॉडल टाउनशिप करीब 1600 एकड़ में फैली हुई है. सूरत से बल्क ऑर्डर आने के बाद केएमपी एक्सप्रेसवे के जरिए सोहना तक सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध है, जिससे लॉजिस्टिक्स भी आसान हो जाएगा. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को सूरत पहुंच रहे हैं. वहां वे दो दिन तक कंपनियों के प्रतिनिधियों से निवेश को लेकर चर्चा करेंगे. उद्योग मंत्री राव नरबीर भी इस दौरान मौजूद रहेंगे.

अहमदाबाद में बड़े उद्योगों के साथ एमओयू पर भी बातचीत होगी. अधिकारियों का मानना है कि सूरत के पॉलिएस्टर, सिंथेटिक कपड़े और साड़ी-सूट सामग्री के बड़े कारोबारी अगर आईएमटी सोहना में इकाई लगाते हैं तो यह क्षेत्र तेजी से कपड़ा उद्योग का नया केंद्र बन सकता है.

Recent News