बांग्लादेश को 2,280 करोड़ का झटका! ज़ारा, एचएंडएम समेत बड़े ब्रांड्स ने भारत भेजे ऑर्डर

Mukesh Kumar 27 Nov 2026 10:05 PM 1 Mins
बांग्लादेश को 2,280 करोड़ का झटका! ज़ारा, एचएंडएम समेत बड़े ब्रांड्स ने भारत भेजे ऑर्डर

नई दिल्ली : बांग्लादेश में जारी मजदूरों के विरोध-प्रदर्शनों और औद्योगिक अस्थिरता का असर अब वैश्विक फैशन कारोबार पर दिखाई देने लगा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि दुनिया के बड़े फैशन ब्रांड्स ने बांग्लादेश से अपने करोड़ों डॉलर के कपड़ों के ऑर्डर दूसरे देशों में शिफ्ट करने शुरू कर दिए हैं। इसमें सबसे बड़ा फायदा भारत को मिला है।

रिपोर्ट के मुताबिक, ज़ारा, एचएंडएम, मार्क्स एंड स्पेंसर जैसे अंतरराष्ट्रीय फैशन ब्रांड्स ने 1 से 18 नवंबर के बीच बांग्लादेश से करीब 254 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2,280 करोड़ रुपये के ऑर्डर दूसरी जगह स्थानांतरित किए हैं। तीन फैक्ट्री मालिकों के हवाले से आई इस रिपोर्ट में बताया गया है कि इन ऑर्डर का सबसे बड़ा हिस्सा भारत को मिला है। यह बांग्लादेश के मासिक ऑर्डर का लगभग दसवां हिस्सा है। वियतनाम, कंबोडिया और इंडोनेशिया को भी कारोबार मिला है।

बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (BGMEA) के मुताबिक, मजदूरों के आंदोलन और फैक्ट्रियों में व्यवधान के कारण उत्पादन को 400 मिलियन डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ है। बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग देश की निर्यात आय में 80 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है और विनिर्माण क्षेत्र की करीब 40 प्रतिशत नौकरियां इसी से जुड़ी हैं।

मजदूरों के दबाव के बीच 25 नवंबर को सरकार ने न्यूनतम मासिक वेतन 12,500 टका से बढ़ाकर 17,000 टका करने की मंजूरी दी। यानी करीब 36 प्रतिशत की वृद्धि। हालांकि, मजदूरों की मांग इससे कहीं ज्यादा थी। वेतन वृद्धि के बावजूद कई जगह विरोध और पुलिस के साथ झड़पें हुईं।

रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश में एक ऑर्डर के उत्पादन और डिलीवरी में करीब 120 दिन लगते हैं, जबकि भारत समेत दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों में यह अवधि 60 से 90 दिन तक हो सकती है। ऐसे में कम लागत, समय पर आपूर्ति और स्थिर उत्पादन भारत के लिए बड़ा अवसर बन रहे हैं।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि सभी स्थानांतरित ऑर्डर स्थायी रूप से भारत को मिलेंगे। लेकिन उद्योग विशेषज्ञों की चिंता है कि यदि बांग्लादेश में अस्थिरता जारी रही तो अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भविष्य के ऑर्डर भी दूसरे देशों को दे सकती हैं।

Bangladesh Labour Protest Zara H&M Marks & Spencer India Garment Industry

Recent News