नई दिल्ली : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एक बार फिर भारत समेत कई देशों के खिलाफ व्यापारिक सख्ती बढ़ाने की तैयारी में है। अमेरिकी जांच के दायरे में चीन, भारत, वियतनाम, यूरोपीय संघ और 14 अन्य देशों की औद्योगिक सब्सिडी को शामिल किया गया है। इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि संबंधित देश अपनी कंपनियों को सरकारी सहायता देकर अमेरिकी उद्योगों के मुकाबले अनुचित व्यापारिक बढ़त तो नहीं दे रहे हैं।
हालांकि, जांच शुरू होने का मतलब यह नहीं है कि सभी देशों पर तत्काल नए टैरिफ लगा दिए गए हैं। अमेरिकी जांच के निष्कर्ष और प्रशासन के अगले फैसले तय करेंगे कि किन देशों पर कितना अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने 11 मार्च को 1974 के ट्रेड एक्ट की धारा 301 के तहत यह जांच शुरू की थी। इसमें कुल 16 अर्थव्यवस्थाओं को शामिल किया गया है।
इस लिस्ट में चीन, भारत, यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, मेक्सिको, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड, कंबोडिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, नॉर्वे और ताइवान शामिल हैं। अमेरिका का आरोप है कि कुछ देश घरेलू उत्पादन क्षमता से अधिक सामान बनाकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सस्ते दामों पर निर्यात कर रहे हैं। इसके पीछे सरकारी सब्सिडी और औद्योगिक नीतियों की भूमिका होने का संदेह है। इससे अमेरिकी कंपनियों को प्रतिस्पर्धा में नुकसान पहुंच रहा है।
जांच में भारत के कई महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं। इनमें सोलर मॉड्यूल, स्टील, पेट्रोकेमिकल, कपड़ा, ऑटोमोबाइल, निर्माण सामग्री और स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद शामिल हैं।भारत ने अप्रैल में अमेरिकी जांच पर अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि जांच व्यापक आर्थिक आंकड़ों पर आधारित है और इसमें भारत की किसी विशिष्ट भेदभावपूर्ण नीति या व्यापारिक गतिविधि की पहचान नहीं की गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, चीन को इस पूरी जांच में सबसे अधिक प्रभावित होने वाले देशों में माना जा रहा है। अमेरिका का आरोप है कि चीन की अतिरिक्त औद्योगिक उत्पादन क्षमता स्टील, एल्युमीनियम, इलेक्ट्रिक वाहनों और सोलर उत्पादों के वैश्विक बाजार को प्रभावित कर रही है। वहीं, भारत और वियतनाम पर यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया की तुलना में अधिक टैरिफ लगाए जाने की आशंका जताई गई है।
इस घटनाक्रम का असर भारत और अमेरिका के बीच करीब 21 महीने से चल रही अंतरिम व्यापार समझौते की बातचीत पर भी पड़ सकता है। भारत चाहता है कि अमेरिकी बाजार में उसे अपने प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बेहतर टैरिफ सुविधा मिले। फिलहाल अमेरिकी जांच के अंतिम निष्कर्ष, प्रस्तावित शुल्क और छूट की शर्तें सामने आना बाकी हैं। ऐसे में भारत के निर्यातकों और उद्योग जगत की निगाहें वाशिंगटन के अगले फैसले पर टिकी हैं।