पटना : विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का भ्रमण अब पर्यटकों के लिए और आसान हो गया है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने मेले में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं। इसके तहत पटना से सोनपुर आने-जाने के लिए एसी बस से लेकर लग्जरी कार तक की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। टूर पैकेज की शुरुआत महज 900 रुपये प्रति व्यक्ति से हो रही है। वहीं, दो लोगों के लिए 6 हजार रुपये का विशेष कपल पैकेज भी तैयार किया गया है।
पर्यटन निगम की ओर से पटना के दो स्थानों से सोनपुर मेले के लिए वाहनों का संचालन किया जा रहा है। इसमें वीरचंद पटेल पथ स्थित कौटिल्य विहार होटल और दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज गुरु नानक भवन शामिल हैं। इन दोनों स्थानों से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक पर्यटकों को सोनपुर जाने के लिए वाहन उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 22 नवंबर को हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने मेले में आने वाले लाखों पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और नए अनुभव उपलब्ध कराने पर जोर दिया था। इसी दिशा में पर्यटन निगम ने इस बार विशेष टूर पैकेज तैयार किए हैं। मेले में सुरक्षा, परिवहन और पर्यटकों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
पर्यटक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार वाहन का चयन कर सकते हैं। एसी बस, डबल डेकर बस और विंगर से आने-जाने का किराया 900 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वहीं, एसी ट्रैवलर के लिए 950 रुपये, इनोवा के लिए 1,100 रुपये और इटियोस के लिए 1,300 रुपये प्रति व्यक्ति किराया देना होगा।
दो लोगों के लिए पर्यटन निगम ने 6 हजार रुपये का विशेष कपल पैकेज भी तैयार किया है। इसमें इटियोस एसी वाहन से यात्रा और भ्रमण के साथ होटल में ठहरने तथा टूरिस्ट गाइड की सुविधा शामिल है। इसके अलावा ब्रेकफास्ट, लंच, शाम का स्नैक्स और डिनर भी पैकेज में शामिल रहेगा। इससे पर्यटकों को यात्रा, भोजन और ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी।
टूर पैकेज की बुकिंग, किराये और उपलब्धता की जानकारी के लिए पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 8544418314 नंबर पर फोन करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। निगम की इस पहल से सोनपुर मेले में आने वाले पर्यटकों को सुविधाजनक और व्यवस्थित भ्रमण का विकल्प मिलेगा।