लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि दो लड़कों की जोड़ी पहले चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही विफल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशियों की घोषणा की जा रही है। इससे बड़ा अपमान क्या होगा। दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। बुधवार को लखनऊ में एक निजी न्यूज चैनल के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विपक्ष, आगामी विधानसभा चुनाव, गठबंधन, कानून-व्यवस्था, रोजगार और प्रदेश के विकास से जुड़े सवालों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जनता बार-बार विपक्षी दलों को खारिज कर रही है।
सीएम योगी ने सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान पर कहा कि गठबंधन के कुछ नियम और शिष्टाचार होते हैं, लेकिन दोनों दलों के बीच तालमेल की कमी दिखाई दे रही है। वहीं, एनडीए को लेकर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल साथ हैं। गठबंधन में कोई विवाद नहीं है और सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला के दर्शन करना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने 90 के दशक में अयोध्या में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय रामभक्तों पर गोली चलाने की गलती स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि माफी मांगने से कोई छोटा नहीं होता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडागर्दी, अराजकता और अव्यवस्था से होती थी। निवेशक प्रदेश में आने से डरते थे और व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे। मार्च 2017 में सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था सुधारने और विकास को गति देने का काम किया गया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
योगी ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में कभी अवैध कट्टा और बम बनाने की गतिविधियां होती थीं, वहां आज ब्रह्मोस मिसाइल, आधुनिक रिवॉल्वर और राइफल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। ओडीओपी योजना के माध्यम से एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा मिला है और करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।
उन्होंने जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, सेमीकंडक्टर यूनिट और डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहा है। कानून-व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। महिला सुरक्षा और व्यापारियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। कानून का पालन करने वालों का सम्मान होगा, लेकिन कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को दुरुस्त रखना लगातार चलने वाली प्रक्रिया है।
रोजगार के मुद्दे पर योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी 2027 तक सरकारी नियुक्तियों की संख्या साढ़े 10 लाख तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने के साथ एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक क्षेत्रों से भी जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम के रैपिड फायर राउंड में मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें नाकाम रॉकेट बताया। वहीं अखिलेश यादव के पीडीए को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी करार दिया। उन्होंने भारत को वर्ल्ड स्पिरिचुअल पावर हाउस और उत्तर प्रदेश को अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश बताया। बुलडोजर को यूपी की ताकत बताते हुए कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है।
अखिलेश यादव की घुसपैठियों से जुड़ी टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से अवैध तरीके से भारत आने वाले घुसपैठिए समाजवादी पार्टी को दिखाई नहीं देते, बल्कि वे उन्हें अपने सगे-संबंधी नजर आते हैं। उन्होंने अपनी पहचान और संन्यासी परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इसके लिए किसी राजनीतिक दल से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संन्यासी का दायित्व केवल मठ या गुफा तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका मुकाबला करना भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भाजपा का सर्वमान्य नेता और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक बताया। साथ ही कहा कि भाजपा की राजनीति तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि सबका संतुष्टिकरण की है।