लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन इसी बीच समाजवादी पार्टी के एक फैसले ने गठबंधन की राह में नई चुनौती खड़ी कर दी है। सपा ने सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। इसके बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने खुलकर नाराजगी जाहिर की है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने बेहट विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक उमर अली खान और सहारनपुर ग्रामीण सीट से मौजूदा विधायक आशु मलिक को प्रत्याशी बनाया है। दोनों ही सीटों पर फिलहाल सपा के विधायक हैं। सपा के इस फैसले को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इन सीटों पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद अपनी पार्टी की दावेदारी जता रहे थे।
प्रत्याशियों की घोषणा के बाद इमरान मसूद ने सपा के रुख पर सवाल उठाते हुए तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा, 'सपा तय कर ले कि उसे बीजेपी से लड़ना है या मुझसे और कांग्रेस से। मैं अपनी पार्टी में बात करूंगा कि हमें क्या करना है।' मसूद के इस बयान से साफ है कि सहारनपुर में सीटों को लेकर दोनों सहयोगी दलों के बीच खींचतान शुरू हो गई है।
कांग्रेस सांसद की नाराजगी केवल दो सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए उन्होंने गठबंधन में कांग्रेस की हिस्सेदारी और सम्मान का सवाल भी उठा दिया है। सियासी समीकरण देखें तो एक तरफ लखनऊ में गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है, वहीं दूसरी तरफ सपा ने चुनावी मैदान में अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में कांग्रेस के सामने भी अपनी रणनीति स्पष्ट करने की चुनौती है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या समाजवादी पार्टी अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगी या कांग्रेस अपनी दावेदारी को लेकर अलग रुख अपनाएगी। फिलहाल सहारनपुर से उठी नाराजगी ने 2027 के चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन की सियासत को गरमा दिया है।