Aligarh News : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के एक परिवार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हैरानी की बात यह है कि करीब 34 साल पहले भारत आई एक महिला ने धीरे-धीरे अपने परिवार और रिश्तेदारों को भी यहां बुला लिया। इसके बाद कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय पहचान बना ली।
अलीगढ़ में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सरकारी पहचान पत्रों की व्यवस्था और दस्तावेज बनाने वाले नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने चार नाबालिगों समेत कुल 12 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। इनमें आठ वयस्कों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नाबालिगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अमीना बेगम नाम की महिला मूल रूप से बांग्लादेश के गाइबांधा जिले की रहने वाली है। उसने कथित तौर पर वर्ष 1992 में बिना पासपोर्ट और वीजा के अपने पति और परिवार के साथ भारतीय सीमा पार की थी। इसके बाद वह अलग-अलग जगहों पर रहने के बाद अलीगढ़ में बस गई।
धीरे-धीरे उसने अपने परिवार के दूसरे सदस्यों और रिश्तेदारों को भी भारत बुला लिया। इस तरह परिवार के कई सदस्य अलीगढ़ में रहने लगे। कुछ सदस्यों का जन्म भी भारत में हुआ बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 10 आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड, ईपीएफ से जुड़े दस्तावेज, बैंक संबंधी कागजात और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस को आशंका है कि इन लोगों ने कथित तौर पर गलत नाम और पते के आधार पर भारतीय पहचान से जुड़े दस्तावेज तैयार करवाए थे। एक युवती के नाम पर अलग-अलग जन्मतिथि वाले दो आधार कार्ड मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुद को बांग्लादेश के गाइबांधा जिले का निवासी बताया। पुलिस को मोबाइल फोन से बांग्लादेश में रह रहे रिश्तेदारों के साथ बातचीत और संदेशों के रिकॉर्ड भी मिले हैं।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बिना वैध भारतीय नागरिकता के इन लोगों के आधार, पैन और वोटर आईडी जैसे दस्तावेज कैसे तैयार हुए। दस्तावेज जारी करने की प्रक्रिया और इसमें मदद करने वाले लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। मामला थाना रोरावर क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस अन्य संदिग्धों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।