कार्ड नहीं मिला तो दामाद बना कातिल! दूसरे साढ़ुओं को न्योता मिलने पर शादी के दिन ससुर की हत्या

Mukesh Kumar 24 Nov 2026 06:08 PM 1 Mins
कार्ड नहीं मिला तो दामाद बना कातिल! दूसरे साढ़ुओं को न्योता मिलने पर शादी के दिन ससुर की हत्या

मथुरा: शादी-ब्याह में किसे बुलाना है और किसे नहीं, इसे लेकर परिवारों में अक्सर नाराजगी देखने को मिल जाती है। कोई कार्ड नहीं मिलने पर फोन करके शिकायत करता है तो कोई रिश्तेदारों से मुंह फुला लेता है। लेकिन उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक दामाद ने नाराजगी की ऐसी खौफनाक कहानी लिख दी, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां साले की शादी का निमंत्रण नहीं मिलने पर दामाद ने अपने ही ससुर की हत्या कर दी।

मामला मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान ओमप्रकाश (62) के रूप में हुई है। उनके बेटे अरविंद की शादी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात भी पहुंच चुकी थी। इसी बीच परिवार का दामाद सुखवीर शादी में नहीं बुलाए जाने से नाराज था। बताया जा रहा है कि दूसरे साढ़ुओं को शादी का कार्ड दिया गया था, लेकिन सुखवीर को निमंत्रण नहीं मिला। यही बात उसके गुस्से की वजह बन गई।

पुलिस के मुताबिक, सुखवीर शादी वाले दिन गोवर्धन पहुंचा। आरोप है कि उसने अपने ससुर ओमप्रकाश को अकेला पाकर चाकू से हमला कर दिया और उनकी गला काटकर हत्या कर दी। शादी समारोह के पास खाली प्लॉट में उनका शव मिलने से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। परिवार के आरोपों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। सोमवार को गोवर्धन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बम्बे वाली पटरी के पास से सुखवीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू और वारदात के समय पहनी गई जैकेट बरामद की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Mathura Murder Case Son In Law Arrested Wedding Invitation Dispute Govardhan Crime News Father In Law Murder

Recent News