16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना! विजय दिवस पर वापसी का ऐलान, ढाका से दिल्ली तक मचेगा सियासी तूफान

Global Bharat 24 Nov 2026 02:22 PM 2 Mins
16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना! विजय दिवस पर वापसी का ऐलान, ढाका से दिल्ली तक मचेगा सियासी तूफान

Sheikh Hasina News : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश वापसी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। करीब दो साल से भारत में रह रहीं शेख हसीना अब 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपनी वापसी के लिए जिस तारीख को चुना है, वह बांग्लादेश का विजय दिवस है। इसी दिन 1971 में पाकिस्तान की सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद बांग्लादेश की आजादी का रास्ता साफ हुआ था।

रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने उनकी वापसी की योजना की जानकारी दी है। हसीना चाहती हैं कि बांग्लादेश सरकार उन्हें दिल्ली से ढाका तक सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के विमान से वापस लाने की व्यवस्था करे। उनका तर्क है कि जब 5 अगस्त 2024 को उन्हें बांग्लादेश के विमान से भारत भेजा गया था, तो अब उनकी वापसी की व्यवस्था भी सरकार को करनी चाहिए।

16 दिसंबर बांग्लादेश के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण तारीख है। इसे विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। 1971 में इसी दिन पाकिस्तान की सेना ने ढाका में आत्मसमर्पण किया था। इसके साथ ही नौ महीने चले मुक्ति संग्राम का अंत हुआ और बांग्लादेश स्वतंत्र राष्ट्र बना। शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान बांग्लादेश के स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेता और देश के संस्थापक माने जाते हैं। ऐसे में विजय दिवस पर वापसी की घोषणा को राजनीतिक और प्रतीकात्मक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

शेख हसीना ने करीब 15 साल तक बांग्लादेश की सत्ता संभाली। लेकिन जुलाई 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन धीरे-धीरे सरकार विरोधी व्यापक आंदोलन में बदल गया। हिंसक प्रदर्शनों और बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच 5 अगस्त 2024 को हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा और वह भारत आ गईं।

संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के मुताबिक, उस दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की जान गई थी। इसके बाद बांग्लादेश में उनकी राजनीतिक और कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती गईं। शेख हसीना की वापसी की राह आसान नहीं है। बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने नवंबर 2025 में 2024 के आंदोलन के दौरान मानवता के खिलाफ अपराधों से जुड़े मामले में उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने आरोपों और सुनवाई को खारिज किया है।

बांग्लादेश सरकार पहले ही संकेत दे चुकी है कि उनके लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि हसीना की वापसी केवल प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत ही संभव होगी। उन्होंने उनकी विमान से वापसी की मांग को भी खारिज किया है। इसके अलावा उनकी पार्टी अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है। ऐसे में हसीना की वापसी सिर्फ एक नेता की घर वापसी नहीं, बल्कि भारत-बांग्लादेश संबंधों और वहां की राजनीति के लिए भी बड़ा घटनाक्रम बन सकती है।

Sheikh Hasina Bangladesh Politics Bangladesh Victory Day 16 December 2026 Sheikh Hasina Return

Description of the author

Recent News