एशिया में पीएम मोदी का बढ़ा कद, दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता बने, चीन से घटा शक्ति का अंतर

Global Bharat 23 Nov 2026 09:38 PM 1 Mins
एशिया में पीएम मोदी का बढ़ा कद, दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता बने, चीन से घटा शक्ति का अंतर

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व क्षमता को लेकर बड़ी रिपोर्ट सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स 2026 रिपोर्ट में पीएम मोदी को एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता बताया गया है। इस सूची में मोदी से आगे सिर्फ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं। खास बात यह है कि पिछले साल की तुलना में पीएम मोदी की रैंकिंग में तीन स्थान का सुधार हुआ है।

22 नवंबर को जारी इस रिपोर्ट में भारत की बढ़ती क्षेत्रीय ताकत और कूटनीतिक प्रभाव को भी रेखांकित किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने एशिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली ताकत के रूप में अपनी स्थिति बरकरार रखी है। भारत का कुल पावर स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है। इस सूची में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

रिपोर्ट का सबसे महत्वपूर्ण पहलू भारत और चीन की ताकत के बीच घटता अंतर है। लोवी इंस्टीट्यूट के मुताबिक, 2018 में एशिया पावर इंडेक्स की शुरुआत के बाद से दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर 2026 में सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है। हालांकि, चीन की कुल ताकत अभी भी भारत से लगभग 80 फीसदी अधिक है। इसके बावजूद भारत की लगातार बढ़ती क्षेत्रीय मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना गया है।

रिपोर्ट में भारत की बढ़ती रक्षा साझेदारी, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया है। इससे भारत के रक्षा नेटवर्क को मजबूती मिली है। भारत के रक्षा नेटवर्क का स्कोर 2.1 अंक बढ़ा है। सांस्कृतिक प्रभाव में भी भारत ने 2.3 अंकों की बढ़त दर्ज की है।

भारत का कूटनीतिक प्रभाव 70.3 अंकों के साथ मजबूत बना हुआ है। वहीं, भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत का स्कोर 56.2 अंक रहा। रिपोर्ट में भारत की उपलब्धियों के साथ आर्थिक चुनौतियों का भी जिक्र किया गया है। रुपये की कमजोरी, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की आर्थिक गणना पद्धति में बदलाव और विदेशों में भारतीय निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की गिरावट से आर्थिक क्षमता प्रभावित हुई है। भारत का आर्थिक क्षमता स्कोर 26.4 अंक रहा।

PM Modi Asia Power Index 2026 Lowy Institute Report Xi Jinping India China Power Gap

Description of the author

Recent News