यूपी में अमित शाह का चुनावी चक्रव्यूह! पूर्वांचल से होगा 2027 का शंखनाद, कमजोर सीटों पर बीजेपी का महाप्लान

Global Bharat 23 Nov 2026 09:23 PM 1 Mins
यूपी में अमित शाह का चुनावी चक्रव्यूह! पूर्वांचल से होगा 2027 का शंखनाद, कमजोर सीटों पर बीजेपी का महाप्लान

Up politics News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यूपी चुनाव में बीजेपी के मुख्य चुनावी रणनीतिकार की भूमिका निभा सकते हैं। इस बार पार्टी की चुनावी तैयारियों में शाह की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। खास बात यह है कि अमित शाह पूर्वांचल से चुनावी अभियान की शुरुआत कर सकते हैं। अगले महीने पूर्वांचल में उनकी बड़ी रैली होने की संभावना जताई जा रही है।

दरअसल, बीजेपी के लिए पूर्वांचल सिर्फ एक क्षेत्र नहीं, बल्कि सत्ता की तीसरी पारी का रास्ता तय करने वाला सियासी मैदान है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल की कई सीटों पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। ऐसे में 2027 के लिए पार्टी इस इलाके को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।

सूत्रों के अनुसार, अमित शाह उन विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे सकते हैं, जहां पिछले चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था या पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। इन सीटों पर संगठन की स्थिति, जातीय समीकरण, बूथ प्रबंधन और स्थानीय नेताओं की सक्रियता की समीक्षा की जा सकती है।

अमित शाह की चुनावी रणनीति की खासियत बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना और चुनाव को माइक्रो मैनेजमेंट के जरिए लड़ना रही है। ऐसे में कमजोर सीटों पर जिम्मेदारियां तय करने से लेकर स्थानीय मुद्दों के आधार पर चुनावी माहौल तैयार करने तक की रणनीति बनाई जा सकती है।

पूर्वांचल में जातीय समीकरण, किसान, युवा, रोजगार और स्थानीय विकास जैसे मुद्दे चुनावी नतीजों को प्रभावित करते हैं। समाजवादी पार्टी भी इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। PDA की राजनीति के जरिए सपा पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रही है। 

अमित शाह की संभावित रैली को केवल चुनावी सभा के तौर पर नहीं, बल्कि बीजेपी के चुनावी अभियान के बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। 2027 में बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती सत्ता विरोधी माहौल को नियंत्रित करने, संगठन में तालमेल बनाए रखने और पिछली चुनावी कमजोरियों को दूर करने की होगी। अमित शाह की संभावित सक्रियता इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

UP Election 2027 Amit Shah BJP Election Strategy Purvanchal Politics Yogi Adityanath

Description of the author

Recent News