लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चल रही बातचीत अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिखाई दे रही है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने दावा किया है कि अगले दो से तीन दिनों में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत पूरी हो जाएगी।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर विपक्षी नेताओं की बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने यह बयान दिया। उनसे जब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि दो-तीन दिनों में कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत पूरी हो जाएगी। उनके इस बयान के बाद यूपी की सियासत में गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दरअसल, 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही अपनी-अपनी राजनीतिक रणनीति तैयार कर रही हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने अलग-अलग परिस्थितियों में गठबंधन के तहत चुनावी राजनीति की थी, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के बैनर तले दोनों पार्टियों ने मिलकर चुनाव लड़ा और उत्तर प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन किया।
अब विधानसभा चुनाव में भी इस तालमेल को बनाए रखने की चुनौती है। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति बनाना गठबंधन की मजबूती के लिहाज से अहम माना जा रहा है। रामगोपाल यादव के बयान से संकेत मिले हैं कि सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत आगे बढ़ चुकी है। हालांकि, अभी तक सीटों की संख्या और किस दल को कितनी सीटें मिलेंगी, इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।