बिहार में चला हिंदुत्व का दांव, अब यूपी की बारी! विपक्ष का ठठरी बांधेंगे धीरेंद्र शास्त्री? जबरदस्त है चुनावी स्ट्राइक रेट

Mukesh Kumar 23 Nov 2026 11:58 AM 2 Mins
बिहार में चला हिंदुत्व का दांव, अब यूपी की बारी! विपक्ष का ठठरी बांधेंगे धीरेंद्र शास्त्री? जबरदस्त है चुनावी स्ट्राइक रेट

Up Politics : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच धार्मिक और सामाजिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो रही हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी उसके असर को लेकर विश्लेषण शुरू हो गया है। इसी बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का यूपी चुनाव को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है।

धीरेंद्र शास्त्री का जोर हिंदू समाज को जातियों में बंटने के बजाय एकजुट होने पर है। उनका यह संदेश ऐसे समय में सामने आ रहा है, जब उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच 2027 की चुनावी लड़ाई के लिए सामाजिक समीकरण तैयार किए जा रहे हैं। बिहार चुनाव के नतीजों के बाद इस रणनीति को और अहमियत मिल गई है।

दरअसल, बिहार में एनडीए की जीत के बाद भाजपा खेमे को उम्मीद है कि सामाजिक समीकरण, धार्मिक पहचान और सहयोगी दलों का बेहतर तालमेल यूपी में भी चुनावी फायदा पहुंचा सकता है। अब इसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज दिखाई दे रही हैं।

धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं को इसी व्यापक राजनीतिक माहौल में देखा जा रहा है। प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित कथा में भाजपा के कई बड़े नेताओं और प्रभावशाली चेहरों की मौजूदगी ने इस चर्चा को और हवा दी। गोंडा, झांसी, लखनऊ और आगरा समेत कई जिलों में भी उनके कार्यक्रमों की चर्चा है।

यूपी की राजनीति में भाजपा की कोशिश हिंदू मतदाताओं को जातीय सीमाओं से ऊपर उठाकर एक बड़े सामाजिक समूह के रूप में जोड़ने की रही है। दूसरी तरफ अखिलेश यादव पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के जरिए भाजपा को चुनौती देने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।

यही वजह है कि धीरेंद्र शास्त्री के जातीय एकता वाले संदेश को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। अखिलेश यादव ने उनके कार्यक्रमों का विरोध किया है, जबकि भाजपा के कई नेताओं ने शास्त्री का समर्थन किया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बिहार में एनडीए को मिली सफलता का फॉर्मूला उत्तर प्रदेश में भी काम करेगा? हालांकि दोनों राज्यों की जातीय संरचना, राजनीतिक परिस्थितियां और मतदाताओं की प्राथमिकताएं अलग हैं।

2027 में भाजपा के सामने सत्ता विरोधी माहौल, बेरोजगारी और स्थानीय मुद्दों की चुनौती होगी। वहीं सपा को अपने पीडीए समीकरण को मजबूत बनाए रखना होगा। ऐसे में धीरेंद्र शास्त्री की कथाएं केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित रहेंगी या चुनावी विमर्श को भी प्रभावित करेंगी, यह आने वाला समय बताएगा। फिलहाल इतना साफ है कि यूपी की चुनावी पटकथा में धर्म, जाति और सामाजिक गोलबंदी तीनों अहम भूमिका निभाने वाले हैं।

UP Politics 2027 Dhirendra Shastri Bihar Election Result BJP vs SP Hindu Unity in UP

Recent News