इजराइल के समर्थन में उतरे राहुल गांधी! बयान से इंडिया गठबंधन में भूचाल, लेफ्ट दलों ने खोला मोर्चा

Global Bharat 23 Nov 2026 11:43 AM 1 Mins
इजराइल के समर्थन में उतरे राहुल गांधी! बयान से इंडिया गठबंधन में भूचाल, लेफ्ट दलों ने खोला मोर्चा

नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इजराइल को लेकर दिए गए बयान ने विपक्षी राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी का रुख इजराइल को लेकर पहले से प्रचलित उनकी राजनीतिक छवि से अलग नजर आया। उन्होंने इजराइल के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध बनाए रखने का समर्थन किया और भारतीय सेना की जरूरतों के लिहाज से इजराइल को महत्वपूर्ण साझेदार बताया।

राहुल गांधी ने बातचीत में कहा कि भारत के इजराइल के साथ रणनीतिक हित जुड़े हुए हैं। इजराइल बेहतरीन हथियार और रक्षा तकनीक तैयार करता है, जिसका फायदा भारतीय सेना को मिल सकता है। उनके इस बयान को भारत-इजराइल रक्षा सहयोग के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। राहुल गांधी के बयान पर केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और CPI(M) नेता पिनराई विजयन ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

 उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणी फिलिस्तीन के मुद्दे पर कांग्रेस के दोहरे रुख को उजागर करती है। विजयन के मुताबिक, गाजा में हजारों निर्दोष लोगों और बच्चों की मौत के बीच इजराइल से हथियार खरीदने और मजबूत संबंधों की वकालत करना उचित नहीं है। वहीं, CPI(ML) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी राहुल के रुख पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्र विदेश नीति इजराइल के साथ मजबूत रणनीतिक संबंधों की वकालत नहीं कर सकती। उन्होंने भारत से इजराइल के साथ रणनीतिक संबंध खत्म करने की मांग तक कर दी।

इस बयान की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पहले इजराइल की गाजा में सैन्य कार्रवाई की कड़ी आलोचना कर चुकी हैं। प्रियंका ने इसे नरसंहार बताया था। ऐसे में राहुल का रणनीतिक संबंधों और हथियार खरीद का समर्थन करना कांग्रेस के भीतर अलग-अलग विचारों की बहस को सामने लाता है।

हालांकि राहुल गांधी ने अपने बयान में इजराइल का बिना शर्त समर्थन नहीं किया। उन्होंने 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले और गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई, दोनों की निंदा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इजराइल के साथ अच्छे संबंध होने का मतलब गाजा के मुद्दे पर चुप रहना नहीं है। अब इस बयान ने इंडिया गठबंधन के भीतर विदेश नीति और फिलिस्तीन के मुद्दे पर वैचारिक मतभेदों को फिर चर्चा में ला दिया है।

Rahul Gandhi Israel Statement India Israel Relations Rahul Gandhi Chicago Visit INDIA Alliance Controversy Left Parties Reaction

Description of the author

Recent News