यूपी चुनाव में बीजेपी का बड़ा चुनावी प्लान, विधायकों को 50 और सांसदों को 10 चौपाल का टारगेट, जाने पूरी तैयारी

Mukesh Kumar 23 Nov 2026 01:13 PM 1 Mins
यूपी चुनाव में बीजेपी का बड़ा चुनावी प्लान, विधायकों को 50 और सांसदों को 10 चौपाल का टारगेट, जाने पूरी तैयारी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार सुबह यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संगठन की सक्रियता, मतदाता सूची पुनरीक्षण और जनचौपाल अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में बीजेपी नेतृत्व ने जनचौपाल के जरिए जनता के बीच पहुंच बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर दिया। पार्टी ने अपने सांसदों और विधायकों को आगामी 5 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाने का लक्ष्य दिया है।

बैठक में बीजेपी विधायकों को अपनी-अपनी विधानसभा सीटों पर 5 दिसंबर तक कम से कम 50 जनचौपाल आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इसके जरिए विधायक अपने क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। जनता की समस्याएं सुनने के साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी देंगे।

वहीं, बीजेपी सांसदों को अपनी लोकसभा क्षेत्र में 10 जनचौपाल आयोजित करने का लक्ष्य दिया गया है। पार्टी का जोर है कि सांसद भी अपने संसदीय क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहें और जनता के बीच अपनी मौजूदगी मजबूत करें।

बीजेपी के राज्यसभा सांसदों और विधान परिषद सदस्यों (MLC) को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें पार्टी की कमजोर विधानसभा सीटों पर जाकर जनचौपाल आयोजित करनी होगी। इसके जरिए उन सीटों पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी माहौल को अपने पक्ष में बनाने की कोशिश की जाएगी।

वर्चुअल बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की भी समीक्षा की गई। पार्टी नेताओं को मतदाता सूची से जुड़े अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर ध्यान देने को कहा गया।

बीजेपी का यह विशेष जनसंपर्क अभियान 5 दिसंबर तक चलेगा। विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना, कमजोर क्षेत्रों में पकड़ मजबूत करना और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखना है।

UP Assembly Election 2027 UP BJP Election Strategy Vinod Tawde Pankaj Chaudhary BJP Jan Chaupal Campaign

Recent News