प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मस्जिद में अरबी की पढ़ाई करने वाले किशोर के साथ यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रसूलाबाद स्थित मस्जिद के पेश इमाम ने किशोर के साथ लगातार चार दिनों तक कुकर्म किया। घटना से परेशान किशोर ने आखिरकार अपनी मां को आपबीती बताई। इसके बाद मां ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी पेश इमाम को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित किशोर की मां के मुताबिक, उनका बेटा पिछले करीब तीन महीने से मस्जिद में अरबी पढ़ने के लिए जा रहा था। इसी दौरान 11 नवंबर को पेश इमाम ने पहली बार उसके साथ कथित तौर पर कुकर्म किया। घटना के बाद किशोर काफी डर गया और उसने घर में किसी को कुछ नहीं बताया। आरोप है कि इसके बाद 12, 13 और 14 नवंबर को भी आरोपी ने उसके साथ वही हरकत दोहराई।
मां ने पुलिस को बताया कि 14 नवंबर को जब बेटा मस्जिद से घर लौटा तो उसने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। किशोर काफी डरा और सहमा हुआ था। उसने बताया कि आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की थी। इतना ही नहीं, उसे धमकाया जाता था कि वह पढ़ाई नहीं करता है और अगर घर में किसी को घटना के बारे में बताया तो कोई उसकी बात पर विश्वास नहीं करेगा।
आरोप है कि इसी डर और धमकी के कारण किशोर कई दिनों तक चुप रहा। हालांकि, जब उससे यह पीड़ा बर्दाश्त नहीं हुई तो उसने अपनी मां को सब कुछ बता दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद मां ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रविवार को एफआईआर दर्ज की और शाम करीब चार बजे आरोपी पेश इमाम को गिरफ्तार कर लिया।