नेपाल-भारत के रिश्तों में नया अध्याय, रामलला से माता सीता की धरती तक दौड़ेगी ट्रेन! मोदी-बालेन शाह दिखाएंगे हरी झंडी

Mukesh Kumar 23 Nov 2026 10:47 AM 1 Mins
नेपाल-भारत के रिश्तों में नया अध्याय, रामलला से माता सीता की धरती तक दौड़ेगी ट्रेन! मोदी-बालेन शाह दिखाएंगे हरी झंडी

नई दिल्ली : अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई रफ्तार मिलने जा रही है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या से माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम तक अब रेल के जरिए सीधा सफर किया जा सकेगा। 23 नवंबर को प्रस्तावित राम-जानकी रेल सेवा के शुभारंभ के साथ भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। इस रेल सेवा को दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों के लिहाज से भी खास माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस लगभग 604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में तय करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे।

इस रेल सेवा का सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि इसके जरिए श्रद्धालु भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या से माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर तक एक ही रेल यात्रा में पहुंच सकेंगे। इससे रामायण से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही रामायण सर्किट पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन के बाद आम यात्रियों के लिए इस ट्रेन की सेवा 28 नवंबर से शुरू किए जाने की योजना है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे के दौरान इस पहल को दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। यह रेल सेवा सिर्फ परिवहन का नया विकल्प नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की साझा आस्था, संस्कृति और रामायण परंपरा को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण सेतु साबित हो सकती है।

Ram Janaki Rail Service Ayodhya to Janakpur Train Saryu Kamala Express PM Narendra Modi Balen Shah

Recent News