Israel New PM : इजराइल की राजनीति में एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के विरोधी खेमे के नेता गादी आइजेनकोट अब उनकी पार्टी लिकुड के साथ मिलकर राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की संभावनाएं तलाश रहे हैं. इस घटनाक्रम ने इजराइल की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर दिए हैं. खास बात यह है कि जिस विपक्षी खेमे ने नेतन्याहू की सत्ता समाप्त करने के एजेंडे के साथ चुनाव लड़ा था, अब उसी खेमे के भीतर उनके साथ सरकार बनाने को लेकर सहमति बनाने की कोशिश हो रही है.
दरअसल, 27 अक्टूबर 2026 को हुए चुनाव में किसी भी राजनीतिक गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, इसके बाद इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने विपक्षी नेता और पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजेनकोट को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी. आइजेनकोट की पार्टी यशार अब बहुमत जुटाने के लिए अलग-अलग राजनीतिक दलों से बातचीत कर रही है.
ताजा घटनाक्रम में नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और आइजेनकोट की यशार पार्टी के प्रतिनिधिमंडलों के बीच राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने को लेकर नए सिरे से बातचीत शुरू हुई. तेल अवीव के निकट हर्जलिया में दोनों पक्षों की बातचीत हुई. लिकुड की तरफ से ओफिर काट्ज और माइकल राबेलो, जबकि यशार की तरफ से चिली ट्रॉपर और योआव होरोविट्ज बातचीत में शामिल हुए.
आइजेनकोट की रणनीति है कि व्यापक राजनीतिक सहमति के आधार पर सरकार बनाई जाए. हालांकि, नेतन्याहू की पार्टी ने कुछ शर्तें भी रखी हैं. इनमें सुरक्षा नीति, फिलिस्तीनी राष्ट्र के गठन का विरोध और धार्मिक दलों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प बात पीएम पद को लेकर है. आइजेनकोट के नेतृत्व में एकता सरकार बनाने की चर्चा है, लेकिन नेतन्याहू को प्रधानमंत्री बनाए रखने पर सहमति नहीं बनी है.
विपक्षी नेता नफ्ताली बेनेट ने भी स्पष्ट किया है कि वह आइजेनकोट के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन करेंगे, लेकिन नेतन्याहू को अगला प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे. यानी इजराइल में सत्ता का नया समीकरण बन सकता है, लेकिन अंतिम फैसला बातचीत और संसदीय बहुमत पर निर्भर करेगा.