नई दिल्ली : भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय राजकीय दौरे पर आज भारत पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा और पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा यह दौरा दोनों पड़ोसी देशों के बीच कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
दिल्ली पहुंचने पर भारत सरकार की ओर से उनका स्वागत किया गया। शाह के साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वरिष्ठ अधिकारियों सहित प्रतिनिधिमंडल भी आया है। रविवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर उनसे मुलाकात करेंगे। वहीं, 23 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से उनकी मुलाकात और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है।
इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, बिजली, जल संसाधन, रेलवे, सड़क और हवाई संपर्क जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। नेपाल अपनी आर्थिक जरूरतों के लिए भारत को एक महत्वपूर्ण साझेदार मानता है। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक और पारगमन साझेदार है। नेपाल के समुद्र तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता भी भारत के रास्ते ही गुजरता है।
ऊर्जा क्षेत्र में भी दोनों देशों का सहयोग लगातार बढ़ा है। नेपाल से भारत को बिजली निर्यात किया जाता है। दोनों देश जलविद्युत परियोजनाओं और बिजली व्यापार को आगे बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की योजना भी इस दौरे के अहम एजेंडे में शामिल है।
भारत और नेपाल के रिश्ते केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक संबंध हैं। खुली सीमा और रोटी-बेटी का रिश्ता इस साझेदारी की खास पहचान है। हालांकि, लिपुलेख, कालापानी और लिंपियाधुरा जैसे क्षेत्रों को लेकर सीमा विवाद दोनों देशों के संबंधों में संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है।
हाल के महीनों में नेपाल की ओर से सीमा विवाद में तीसरे देशों की भूमिका को लेकर दिए गए बयानों के बाद कूटनीतिक चर्चा भी हुई थी। इसके अलावा नेपाल में चीन का बढ़ता प्रभाव भी भारत की रणनीतिक चिंताओं का हिस्सा है। इस यात्रा में आर्थिक सहयोग के साथ हवाई संपर्क, विकास परियोजनाओं और आपदा प्रभावित नेपाल के पुनर्निर्माण में भारत की मदद पर भी चर्चा हो सकती है।
दोनों देशों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों के आदान-प्रदान की भी संभावना है। कुल मिलाकर बालेंद्र शाह का यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा लाने और आपसी विश्वास मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।