Iran Us War : मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसके हमलों का लक्ष्य बहरीन स्थित अल-रिफा और अवाली सैन्य ठिकानों पर मौजूद अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के दो रडार थे। ईरान ने इसे अपनी हवाई सीमा में अमेरिकी गतिविधियों और हेंगम द्वीप पर रडार ठिकाने पर हुए हमले का जवाब बताया है।
बहरीन के गृह मंत्रालय के मुताबिक, 21 नवंबर को ईरानी हमले के दौरान एक नागरिक औद्योगिक परिसर में आग लग गई। इस घटना में दो लोग घायल हुए। इनमें एक पाकिस्तानी नागरिक की हालत गंभीर बताई गई, जबकि एक बहरीनी नागरिक की स्थिति स्थिर है। बहरीन की वायु रक्षा प्रणाली ने कई हवाई हमलों को रोकने का भी दावा किया है।
ईरान की कार्रवाई पर सऊदी अरब ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने बहरीन के नागरिक औद्योगिक प्रतिष्ठान पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे गंभीर शत्रुतापूर्ण कार्रवाई बताया। साथ ही बहरीन की संप्रभुता, सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदमों में पूर्ण समर्थन देने की बात कही है। संयुक्त अरब अमीरात और कतर ने भी बहरीन के साथ एकजुटता जताई है।
इस बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास अपनी सैन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं। IRGC ने अमेरिकी MQ-1 प्रीडेटर ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। ईरानी सरकारी मीडिया ने MQ-1 और MQ-9 ड्रोन को निशाना बनाए जाने का वीडियो फुटेज भी जारी किया है। हालांकि अमेरिकी सैन्य कमान ने इन ड्रोन के नुकसान की पुष्टि नहीं की है।