Up Politics News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे का गणित अभी से चर्चा में आ गया है. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी इस बार अपने सहयोगी दलों को करीब 55 से 60 विधानसभा सीटें दे सकती है. वहीं, पार्टी खुद 340 से 350 सीटों पर अपने चुनाव चिह्न कमल के साथ मैदान में उतरने की रणनीति बना सकती है. हालांकि, सीटों का यह आंकड़ा फिलहाल संभावित है और इस पर अंतिम फैसला गठबंधन के भीतर बातचीत के बाद ही होगा.
खास बात यह है कि इस बार बीजेपी के सामने सहयोगी दलों की मांगों को संतुलित करने की चुनौती भी होगी. सूत्रों की मानें तो एनडीए के सहयोगी दल पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं. ऐसे में बीजेपी के लिए अपने सहयोगियों को संतुष्ट करने के साथ-साथ अधिक से अधिक सीटों पर खुद चुनाव लड़ने की रणनीति बनाए रखना आसान नहीं होगा.
उत्तर प्रदेश में इस समय बीजेपी के साथ अपना दल (एस), राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी), निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) गठबंधन में शामिल हैं. यानी 2022 के मुकाबले 2027 में एनडीए के सहयोगियों की संख्या बढ़ गई है. ऐसे में सीटों का बंटवारा भी पहले से ज्यादा जटिल हो सकता है.
पिछले विधानसभा चुनाव यानी 2022 में बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की 376 सीटों पर अपने सिंबल पर चुनाव लड़ा था।. उस समय पार्टी के साथ अपना दल (एस) और निषाद पार्टी का गठबंधन था. अब आरएलडी और सुभासपा के जुड़ने से गठबंधन का दायरा बढ़ गया है.
2027 के चुनाव में बीजेपी के सामने दोहरी चुनौती होगी. एक तरफ सहयोगी दलों की राजनीतिक ताकत और उनकी सीटों की मांग को ध्यान में रखना होगा, दूसरी तरफ अपनी चुनावी स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए ज्यादा सीटों पर उम्मीदवार उतारने होंगे. ऐसे में आने वाले दिनों में एनडीए की बैठकों और नेताओं के बीच होने वाली मुलाकातों से सीट बंटवारे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है. फिलहाल 55-60 सीटों का संभावित फॉर्मूला गठबंधन की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत दे रहा है.