कांवड़ यात्रा पर सपा सांसद का विवादित बयान, बोले- गरीब लोग जाते हैं, पढ़े-लिखे नहीं, मचा बवाल

Mukesh Kumar 22 Nov 2026 09:16 PM 1 Mins
कांवड़ यात्रा पर सपा सांसद का विवादित बयान, बोले- गरीब लोग जाते हैं, पढ़े-लिखे नहीं, मचा बवाल

उन्नाव : उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रतापगढ़ से सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को लेकर ऐसी टिप्पणी की है, जिस पर राजनीतिक और सामाजिक बहस छिड़ने की संभावना है। सांसद का कहना है कि कांवड़ यात्रा में ज्यादातर गरीब लोग शामिल होते हैं, पढ़े-लिखे लोग ऐसी यात्राओं में नहीं जाते।

दरअसल, सांसद एसपी सिंह पटेल उन्नाव के भगवंतनगर में प्रदेश सचिव नितिन पटेल की ओर से आयोजित पीडीए सम्मेलन में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने धार्मिक आस्था, कांवड़ यात्रा और लोगों की प्राथमिकताओं को लेकर अपनी बात रखी। उनका बयान अब चर्चा का विषय बन गया है।

वायरल बयान में सांसद कहते सुनाई दे रहे हैं कि किसी बड़े मंदिर में पैदल चलकर जल चढ़ाने के बजाय वहां से गुजरते समय भी जल चढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में गरीब लोग शामिल होते हैं, पढ़े-लिखे लोग नहीं जाते। लोगों को सबसे पहले अपनी रोजी-रोटी की चिंता करनी चाहिए। ईश्वर की आराधना घर और गांव के मंदिर में भी की जा सकती है।

सांसद ने कांवड़ यात्रा के दौरान बजने वाले डीजे और हुड़दंग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यात्रा में कानफोड़ू डीजे बजते हैं, जिनकी आवाज इतनी तेज होती है कि गाड़ियों के शीशे तक थरथराने लगते हैं और लोगों की धड़कनें बढ़ जाती हैं।

सांसद के इस बयान को लेकर अब धार्मिक आस्था और सामाजिक सोच के मुद्दे पर बहस तेज हो सकती है। कांवड़ यात्रा में हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए विभिन्न तीर्थस्थलों तक पैदल यात्रा करते हैं। फिलहाल वायरल बयान पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने का इंतजार है।

SP Singh Patel Kanwar Yatra Controversy Samajwadi Party Unnao News Controversial Statement

Recent News