जनता दर्शन में सीएम का निर्देश- जन समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान हो

Amanat Ansari 09 Nov 2026 04:02 PM 1 Mins
जनता दर्शन में सीएम का निर्देश- जन समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान हो

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं और तेज कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित कराएं.

समस्या लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा, चिंता मत करिए. सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी. मुख्यमंत्री जनता दर्शन के दौरान 125 लोगों से मिले. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद चलकर पहुंचे, एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके प्रार्थना पत्र लिए.

उन्होंने पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए. समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक होना चाहिए. 

जनता दर्शन में हर बार की तरह कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए. एस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी. जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं. मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्यार, दुलार और आशीर्वाद के साथ चॉकलेट दीं.

Recent News