'गोली चलाने वालों को रसगुल्ले नहीं खिलाएंगे'… CM शुभेंदु का रेपिस्ट के एनकाउंटर पर दो टूक जवाब

Amanat Ansari 09 Nov 2026 08:30 PM 1 Mins
'गोली चलाने वालों को रसगुल्ले नहीं खिलाएंगे'… CM शुभेंदु का रेपिस्ट के एनकाउंटर पर दो टूक जवाब

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को उत्तर दिनाजपुर में हुए पुलिस एनकाउंटर का पूरा समर्थन किया. उन्होंने साफ कहा कि पुलिस को रेप-मर्डर, ड्रग्स तस्करी और बांग्लादेश से घुसपैठ जैसे मामलों में पूरी छूट दी गई है. यह बयान उस समय आया जब उत्तर दिनाजपुर में एक नाबालिग लड़की के रेप और हत्या के आरोपी 47 वर्षीय दिलीप रॉय को पुलिस एनकाउंटर में मार दिया गया.

पूर्वी मिदनापुर में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम अधिकारी ने कहा कि क्या पुलिस अपने हमलावरों का रसगुल्ले से स्वागत करेगी? उनकी बंदूकें किस काम की हैं? उन्होंने आगे कहा कि मैंने साफ निर्देश दे दिए हैं. बांग्लादेश से घुसपैठ, ड्रग्स और नशीले पदार्थों की तस्करी तथा रेप-हत्या के मामलों में अधिकारी जो सही समझें, वो कार्रवाई कर सकते हैं. उन्हें सीनियर्स से इजाजत का इंतजार नहीं करना है. मैं उनके साथ खड़ा रहूंगा.

क्या है पूरा मामला?

मारे गए दिलीप रॉय राजमिस्त्री का काम करते थे. एक किशोरी के रेप और हत्या के मुख्य संदिग्ध थे. लड़की का शव 5 नवंबर को कुलिक जंगल में मिला था. वह 3 नवंबर को घर से निकली थी और फिर गायब हो गई. पोस्टमॉर्टम में गैंगरेप की पुष्टि हुई. पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे दिलीप रॉय बंगाल से भागकर बिहार जाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस का पीछा करते हुए उसने 9mm पिस्टल से गोली चलाई. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया और अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया.

स्थानीय लोग खुश

पीड़िता के पिता ने कहा कि बेटी को प्रताड़ित करने वाले के साथ जो हुआ, उससे वे खुश हैं. दिलीप रॉय की मां ने भी पुलिस की कार्रवाई को सही बताया. स्थानीय लोगों का कहना है कि रॉय पहले भी अपराधों में शामिल रहा था और गिरफ्तारी से बचता आया था. शुभेंदु अधिकारी सरकार में यह चौथा ऐसा एनकाउंटर है. पहले बरुईपुर, गायघाटा और धुलियान में भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं. तृणमूल कांग्रेस ने इस कार्रवाई की आलोचना की है. 

Recent News