पाकिस्तानी टीवी एंकर राबिया अहसानकी घर में गोली मारकर हत्या, पति ने कबूल किया जुर्म

Amanat Ansari 09 Nov 2026 05:15 PM 1 Mins
पाकिस्तानी टीवी एंकर राबिया अहसानकी घर में गोली मारकर हत्या, पति ने कबूल किया जुर्म

रावलपिंडी (पाकिस्तान): पाकिस्तानी टेलीविजन एंकर और प्रोग्राम होस्ट राबिया अहसान की रविवार को रावलपिंडी के गुलशनाबाद इलाके स्थित उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. उनके पति अहसान ताहिर खान ने पुलिस पूछताछ में हत्या कबूल कर ली है. घटना का पता चलते ही अहसान ताहिर खान को हिरासत में ले लिया गया. सीनियर पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके का मुआयना किया.

पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी (PFSA) की टीम ने सबूत जुटाए, जबकि राबिया का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया. जांच के दौरान पुलिस ने कथित हत्या के हथियार पिस्तौल बरामद की. पूछताछ में खान ने पुलिस को बताया कि पिस्तौल संभालते समय अचानक फायर हो गई. उन्होंने दावा किया कि उन्हें नहीं पता था कि उसमें गोली भरी हुई है. घर के एक पुरुष घरेलू कर्मचारी ने भी पुलिस को बताया कि खान ने गोली को आकस्मिक बताया था.

राबिया अहसान कौन थीं?

41 वर्षीय राबिया अहसान निजी टीवी चैनल 92 न्यूज से जुड़ी थीं. वे एंकर और प्रोग्राम होस्ट के रूप में काम करती थीं. उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों आमिर मतीन और रऊफ क्लासरा के साथ करंट अफेयर्स शो भी होस्ट किया था. वे दो बेटियों (13 और 11 साल) की मां थीं. घटना के समय दोनों बेटियां अपनी नानी के साथ लॉन में थीं. राबिया की हत्या से पाकिस्तान के पत्रकार समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई.

पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसीफा भुट्टो-जरदारी ने गहरी दुख व्यक्त करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की. उन्होंने हाल ही में डिजिटल मीडिया एग्जीक्यूटिव हिना जावेद की हत्या का जिक्र करते हुए पेशेवर महिलाओं के खिलाफ हिंसा के पैटर्न पर चिंता जताई.

Recent News